Uttrakhand News:आदर्श चंपावत’ के विजन को धरातल पर उतार रहा जिला प्रशासन, मानसून के दृष्टिगत सड़कों पर युद्धस्तर पर ड्रेनेज और झाड़ी कटान का कार्य जारी
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चंपावत’ के संकल्प को धरातल पर साकार करने के लिए जिला प्रशासन पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय है। आगामी मानसून सीजन की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जनपद की सभी प्रमुख सड़कों और ग्रामीण मोटर मार्गों पर यातायात व्यवस्था को निर्बाध और सुरक्षित बनाए रखने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। मानसून के दौरान जलभराव और भूस्खलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा समय से पूर्व ही सड़कों के किनारे नाली सफाई, कल्वर्ट्स सफाई, झाड़ी कटान तथा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के लोहाघाट आबादी प्रभाग में व्यापक स्तर पर नाली सफाई का कार्य गतिमान है, ताकि भारी वर्षा के दौरान राजमार्ग पर पानी का भराव न हो सके। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा गौरी मिलन मार्ग पर झाड़ियों के कटान और नालियों की सफाई का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों पर भी कार्य किया जा था है। जिसके तहत चलथी-सियार मोटर मार्ग पर ड्रेनेज और जंगल क्लीयरेंस का कार्य सुचारू रूप से संचालित है।
अतिवृष्टि के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बाधित न हों, इसके लिए सूई-कर्णकरायात मोटर मार्ग पर भी ड्रेनेज क्लीयरेंस का कार्य पूरी मुस्तैदी से किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत सिप्टी-अमकारिया मोटर मार्ग पर बंद पड़े ड्रेनेज को पूरी तरह साफ कर दिया गया है। इसी प्रकार लधुआली-दुबचौड़ा मोटर मार्ग तथा धौन-सल्ली मोटर मार्ग पर भी नालियों की सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराया जा रहा है, जिससे वर्षाकाल में पानी की निकासी बिना किसी अवरोध के हो सके।
इसके अतिरिक्त लोहाघाट क्षेत्र के अंतर्गत नियर देवराड़ी बैंड पर भी विशेष सफाई और सुधारीकरण का कार्य किया गया है ताकि मोड़ पर चालकों को स्पष्ट दृश्यता मिले और दुर्घटनाओं की संभावना को शून्य किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि मानसून के दौरान किसी भी मार्ग पर यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल रिस्पॉन्स टाइम के भीतर कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को कोई असुविधा न हो।