कोटद्वार में गुलदार का आतंक: घास लेने गई महिला को बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत
कोटद्वार में गुलदार का आतंक: घास लेने गई महिला को बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने वन विभाग से की शूटर तैनात कर आदमखोर को मारने की मांग
कोटद्वार (दलीप कश्यप): कोटद्वार क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को कोटड़ीढांग स्थित स्नेह क्षेत्र में जंगल से सटे इलाके में घास लेने जा रही एक महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल से सटे कोटड़ीढांग और स्नेह क्षेत्र में पिछले काफी समय से गुलदार की लगातार सक्रियता बनी हुई थी। गुलदार आए दिन ग्रामीणों के मवेशियों को अपना निवाला बना रहा था और इससे पूर्व भी इंसानों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी थीं। लगातार हो रही आवाजाही के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। सोमवार को जब महिला रोजमर्रा की तरह घास लेने जा रही थी, तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और गुस्से की लहर दौड़ गई। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी ने वन विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में तत्काल शूटर भेजने और आदमखोर गुलदार को मारने की कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
