उत्तराखंड-यूपी सीमा पर दोहरे हत्याकांड से दहला दादूपुर गांव, घर में घुसकर पिता-पुत्र को गोलियों से भूना

उत्तराखंड-यूपी सीमा पर दोहरे हत्याकांड से दहला दादूपुर गांव, घर में घुसकर पिता-पुत्र को गोलियों से भूना

 

 

 

तीन बाइकों पर सवार होकर आए छह हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

 

 

 

60 वर्षीय मुख्तार सिंह और 30 वर्षीय पुत्र सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत

 

 

 

सीमा विवाद के चलते कुछ देर उलझी रही दोनों राज्यों की पुलिस, पुरकाजी थाने ने कब्जे में लिए शव

 

 

 

 

लक्सर / पुरकाजी, संवाददाता। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित खानपुर से सटे दादूपुर गांव में शुक्रवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे सीमावर्ती इलाके में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।

 

 

 

जानकारी के अनुसार, शाम के समय तीन बाइकों पर सवार होकर आए छह सशस्त्र बदमाश सीधे सरदार मुख्तार सिंह के घर में जा धमके। बदमाशों ने बिना किसी बातचीत या चेतावनी के 60 वर्षीय मुख्तार सिंह और उनके 30 वर्षीय बेटे सुखविंदर सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहल उठा। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर हवा में हथियार लहराते हुए बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में वन विभाग में कथित वसूली का वीडियो वायरल, प्रधान सहायक पर कार्रवाई व जांच शुरू

 

 

 

 

सीमा क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस, फिर यूपी पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड के खानपुर थाना पुलिस, लक्सर सीओ और एसपी देहात भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। चूंकि घटनास्थल उत्तर प्रदेश की सीमा के अंतर्गत आता है, इसलिए शुरुआती दौर में दोनों राज्यों की पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार (सीमा विवाद) को लेकर कुछ देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस के उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उत्तर प्रदेश के पुरकाजी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में आईबी अधिकारी पर जानलेवा हमला,

 

 

 

 

 

चश्मदीद पौत्र ने की हमलावरों की पहचान मृतक मुख्तार सिंह के पौत्र और घटना के मुख्य प्रत्यक्षदर्शी मनमीत सिंह ने पुलिस को बताया कि हमलावर उत्तर प्रदेश के ही एक नजदीकी गांव के रहने वाले हैं। मनमीत के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है।

 

 

 

 

“वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। घटनास्थल यूपी के पुरकाजी थाना क्षेत्र में होने के कारण वहां की पुलिस को सूचित कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू करा दी गई है। उत्तराखंड पुलिस भी जांच और बदमाशों की तलाश में पूरा सहयोग कर रही है।” — अभय सिंह, एसपी देहात (रुड़की)

“शाम के वक्त अचानक गोलियों की आवाज सुनकर गांव में भगदड़ मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते, बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। इस घटना से पूरे गांव में डर का माहौल है।” — दलजीत काका, स्थानीय ग्रामीण

Advertisement