अल्मोड़ा नंदादेवी मेले की आड़ में बाहरी लोगों को बाजार लगाने देने के आरोप निराधार: मनोज वर्मा
नंदादेवी मेले की आड़ में बाहरी लोगों को बाजार लगाने देने के आरोप निराधार: मनोज वर्मा
अल्मोड़ा। नंदादेवी मेले की आड़ में बाहरी व्यक्तियों को बाजार लगाने की अनुमति दिए जाने के आरोपों को नंदादेवी मंदिर समिति ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि कुछ संगठनों द्वारा लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं और समिति का निजी भूमि पर लगने वाली दुकानों से कोई संबंध नहीं है।
मनोज वर्मा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि ऐतिहासिक नंदादेवी मेला केवल नंदादेवी मंदिर परिसर एवं एडम्स फील्ड में 15 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले से संबंधित अधिकृत दुकानें भी इन्हीं दोनों निर्धारित परिसरों में लगाई जाएंगी। इन परिसरों के बाहर यदि कहीं दुकानें या बाजार सज रहे हैं, तो वे किसी व्यक्ति की निजी भूमि पर लगाए जा रहे हैं, जिनसे मंदिर समिति का कोई लेना-देना नहीं है।
अध्यक्ष ने कहा कि बिना तथ्यों के लगाए जा रहे आरोपों से जनता के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाने वाले संगठनों को स्पष्ट चुनौती देते हुए कहा कि निर्धारित मेला क्षेत्र के बाहर यदि बाहरी व्यक्तियों द्वारा दुकानें लगाई गई हैं, तो प्रशासन ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है।
उन्होंने कहा कि किसी की व्यक्तिगत भूमि पर होने वाली गतिविधियों के लिए मंदिर समिति को उत्तरदायी ठहराना बिल्कुल अनुचित है। समिति केवल आधिकारिक मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार है। नंदादेवी मेला धार्मिक व सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक है और इसका शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण आयोजन समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संगठनों व आम जनता से भ्रामक खबरों से बचकर मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।