Uttarakhand News:अकाल मृत्यु पुलिस आश्रित परिवारों को एक लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाएगा-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

ख़बर शेयर करें -

पुलिस स्मृति दिवस पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेवा के दौरान पुलिस कर्मियों की अकाल मृत्यु होने पर आश्रित परिवार को तत्काल 1 लाख रुपये आर्थिक सहयोग दिये जाने के लिए पुलिस बलिदान कल्याण कोष के लिए 2 करोड़ रुपये की धनराशि दी जायेगी।

🔹जवानों के परिजनों को किया सम्मानित 

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन, देहरादून में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर पुलिस एवं अर्द्ध सैन्य बलों के शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उत्तराखंड के बलिदानी पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया। 

🔹आश्रितों की भर्ती संबंधी अड़चनों को दूर किया जायेगा

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर चार घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान पुलिस कर्मियों की अकाल मृत्यु होने पर आश्रित परिवार को तत्काल 01 लाख रुपये आर्थिक सहयोग दिये जाने के लिए पुलिस शहीद कल्याण कोष के लिए 02 करोड़ रुपये की धनराशि दी जायेगी। अराजपत्रित पुलिस कर्मचारियों का नि:शुल्क वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण कराया जायेगा। अगले तीन वर्षों में पुलिस कर्मियों के आवास के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया जायेगा। पुलिस विभाग में मृतक आश्रितों की भर्ती संबंधी अड़चनों को दूर किया जायेगा। 

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:काठगोदाम से भटकते हुए काफलीखान पहुंचा गया था नाबालिग बालक अल्मोड़ा पुलिस के थाना दन्या की डायल 112 मोबाइल टीम ने परिजनों का पता लगाकर किया सकुशल सुपुर्द

🔹पुलिस कर्मी अपने जीवन की आहुति को भी तत्पर रहते 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने का उत्तरदायित्व राज्यों की पुलिस बल व अर्द्धसैनिक बलों का है। अपने इस उत्तरदायित्व को निभाते हुए पुलिस कर्मी अपने जीवन की आहुति को भी तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था किसी भी राज्य की सुरक्षा एवं समृद्धि का एक आवश्यक अंग है। हमारे राज्य की पुलिस भी सेवा की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए शान्ति एवं कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए अनेकों चुनौतियों नशा, साइबर क्राइम, महिला अपराध, यातायात व्यवस्था, चारधाम यात्रा, आपदा, भूस्खलन, कांवड़ यात्रा आदि का प्रबंधन करती है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News :केंद्रीय नारकोटिक्स की टीम ने यूपी और उत्तराखंड में की बड़ी कार्रवाई,कई स्थानों पर छापा मारकर नकली दवा बनाने की पकड़ी फैक्टरी,पांच लोग गिरफ्तार

🔹50 लाख श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा 

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड पुलिस ने इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा में आये करीब 4 करोड़ से अधिक एवं चारधाम यात्रा में अब तक पहुंचे लगभग 50 लाख श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा एवं दर्शन कराते हुए गन्तव्य तक सुरक्षित पहुंचाने में सराहनीय योगदान दिया है। जी-20 सम्मेलन, की राज्य में हुई तीन बैठकों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को उत्तराखंड पुलिस द्वारा सुनिश्चित कराया गया। 

🔹यह रहे मौजूद 

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चौहान, सविता कपूर, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पूर्व पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।