स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का दिल्ली में भव्य स्वागत, उत्तराखंडी लोक नृत्य और संस्कृति ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिखेरी छटा
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का दिल्ली में भव्य स्वागत, उत्तराखंडी लोक नृत्य और संस्कृति ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिखेरी छटा
नई दिल्ली: स्विट्जरलैंड के महामहिम राष्ट्रपति श्री गाइ पार्मेलिन (Guy Parmelin) के भारत आगमन पर नई दिल्ली में उनका भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध और दिव्य लोक संस्कृति की सुंदर एवं विहंगम प्रस्तुति दी गई। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक उत्तराखंडी लोक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक नई सम्मानजनक पहचान दिलाई।
उत्तराखंड की संस्कृति का बढ़ा मान: अजय टम्टा
कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने इस अवसर को अत्यंत गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड के पारंपरिक लोक नृत्य और हमारी सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। एक उत्तराखंडी होने के साथ-साथ एक भारतीय के रूप में मुझे इस बात की विशेष प्रसन्नता है कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति देश और दुनिया के कोने-कोने तक पहुंच रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत की विविध और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को दुनिया के सामने इस प्रकार प्रस्तुत करने का यह प्रयास हमारी ‘विविधता में एकता’ की पहचान को और भी सशक्त तथा जीवंत बनाता है।
द्विपक्षीय सहयोग के खुलेंगे नए द्वार
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह भी साझा किया कि स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति के इस दौरे से भारत और स्विट्जरलैंड के बीच रणनीतिक व तकनीकी संबंधों को नई गति मिलेगी। दोनों देशों के बीच परिवहन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, रोपवे, सुरंग निर्माण, सर्कुलर इकोनॉमी और तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर पैदा होंगे, जो भारत के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और ढांचागत विकास को एक नई ऊंचाई प्रदान करेंगे।