चम्पावत में पहली बार महिलाओं की प्रतिभा और संस्कृति का दिखेगा संगम, ‘सावन उत्सव 2026’ की तैयारियां अंतिम दौर में
चम्पावत में पहली बार महिलाओं की प्रतिभा और संस्कृति का दिखेगा संगम, ‘सावन उत्सव 2026’ की तैयारियां अंतिम दौर में
सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से चम्पावत और टनकपुर में होगा भव्य आयोजन
सुपर ईजा डांस, मिसेज़ सावन क्वीन और पारंपरिक लोकसंस्कृति रहेगी मुख्य आकर्षण
चम्पावत। सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा जनपद चम्पावत में पहली बार महिलाओं के लिए विशेष रूप से ‘सावन उत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरे उत्साह और सुनियोजित ढंग से अंतिम चरण में हैं। यह आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करने, उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति को सहेजने तथा महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अनूठा प्रयास है।


सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी ने जनपद की सभी माताओं, बहनों और बेटियों से इस ऐतिहासिक महोत्सव में अपनी पारंपरिक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार में शामिल होने की अपील की है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रतियोगिताएं होंगी आकर्षण का केंद्र
उत्सव के दौरान महिलाओं और बालिकाओं के लिए कई मनोरंजक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा:
सुपर ईजा डांस प्रतियोगिता: लोकधुनों पर आधारित इस नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।
मिसेज़ सावन क्वीन – 2026: आकर्षक रैंप वॉक के जरिए सावन क्वीन का चयन किया जाएगा।
संस्कृति और भक्ति का संगम: भगवान शिव-पार्वती को समर्पित नृत्य, ग्रुप डांस, नाट्य मंचन के साथ-साथ उत्तराखंड की पारंपरिक धरोहर सातूं-आंटू (गौरा महेश) और झोड़ा-चांचरी की विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
सावन सरप्राइज अवॉर्ड्स: सबसे लंबी प्रतिभागी, सबसे दूर से आई प्रतिभागी, सुंदर मुस्कान और आकर्षक पारंपरिक परिधान जैसी मनोरंजक श्रेणियों में मौके पर ही सरप्राइज पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रतिभागी सम्मान: प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली प्रत्येक प्रतिभागी को सहभागिता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया जाएगा संदेश
‘एक पौधा, प्रकृति के नाम’ पहल के अंतर्गत कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को पौधे वितरित किए जाएंगे। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण का संकल्प दिलाते हुए प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के लिए विशेष सहभोज की व्यवस्था भी की गई है।
ये रहेंगे कार्यक्रम और तिथियां और स्थान
आयोजन समिति ने महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रबंध किए हैं। यह महोत्सव दो स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है:
- 09 अगस्त 2026: जीजीआईसी सभागार, चम्पावत
- 11 अगस्त 2026: मिलन वाटिका, टनकपुर (चम्पावत)
सेवा संकल्प फाउंडेशन का कहना है कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनपद की महिलाओं को आत्मविश्वास, सम्मान और अपनी अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करने का एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।