मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा कार्यालय के भूमि पूजन के साथ कई विकास कार्यों की योजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण

आज अपने तयशुदा कार्यक्रम के तहत लगभग 11:00 बजे बाजपुर रोड स्थित होटल गौतमी हाइट्स के बराबर में भाजपा ज़िला काशीपुर के कार्यालय का भूमिपूजन मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया यह कार्यक्रम श्री नैनीताल उधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट की गौरवमयी उपस्थिति में संपन्न हुआ । इस दौरान जल निगम, जल संस्थान एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 287.36 करोड़ से अधिक की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा जल निगम, जल संस्थान ग्रामीण निर्माण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 67.91 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण भी किया गया।
इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्र में विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे प्रेरणापुंज व एकात्म मानववाद के विचार से सम्पूर्ण विश्व को आलोकित करने वाले महान विचारक स्व.दीनदयाल उपाध्याय जी तथा अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने वाले भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी नमन करता हूं। हमारा संगठन शायद विश्व का एक मात्र संगठन होगा जहां नेता महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि विचारधारा और पार्टी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि यदि आज हमारी पार्टी विश्व के सबसे बड़े संगठन के रूप में अपनी यश पताका को सम्पूर्ण विश्व में फहरा रही है तो इसके पीछे करोड़ों कार्यकर्ताओं का समर्पण, श्रद्धा, विश्वास और कड़ी मेहनत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का अटक से कटक और कन्याकुमारी से लद्दाख तक विस्तार हो चुका है।भाजपा ही शायद आज भारत का एक मात्र राजनैतिक संगठन है जिसका कार्यकर्ता बूथ और पन्ना स्तर तक दिन-रात कड़ी मेहनत करता है।वो यह नहीं देखता कि ’’चुनाव कब है’’ बल्कि वह यह देखता है कि भारत को परम वैभवशाली बनाने के लिए वह किस प्रकार अपना योगदान दे सकता है, क्योंकि हमारा सिद्धांत ही ’’परम वैभवं नेतुमेतत् स्वराष्ट्रं’’ है।
भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र राजनीतिक संगठन हैं जहां पार्टी के पोस्टर चिपकाने वाला व्यक्ति भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है और मुझ जैसा सामान्य परिवार से आने वाला कार्यकर्ता प्रदेश का मुख्य सेवक बन सकता है।क्योंकि हमारी पार्टी राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय तथा व्यक्ति अंतिम के सिद्धांत का अनुसरण करती है।आज देश में आदरणीय प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर जिस ’’नव भारत’’ के निर्माण के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है उसमें हम सभी कार्यकर्ताओं ने अपने श्रम की आहुति देनी है तथा ’’एक भारत’’ और ’’श्रेष्ठ भारत’’ के महासंकल्प को साकार करना है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के दिशा निर्देशन में एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाईयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में एक नई पहचान प्राप्त कर रहा है।आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में एक नए भारत की नींव रखी जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें