Bageshwar News:​महिला पर टिप्पणी और विधायक की छवि धूमिल करने वाला आरोपित बैजनाथ से गिरफ्तार

0
ख़बर शेयर करें -

इंटरनेट मीडिया पर महिला के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी तथा स्थानीय विधायक की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कथित भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसओजी की तीन टीमें लगातार विभिन्न जिलों में दबिश दे रही थीं। मंगलवार शाम उसे बैजनाथ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को एक महिला ने कपकोट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जगदीश गोस्वामी ने उसे बदनाम करने की नीयत से इंटरनेट मीडिया पर उसके चरित्र पर लांछन लगाने वाले वीडियो अपलोड किए। इस मामले में बीएनएस की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा :-इतिहास व आस्था का केंद्र विमलकोट: 2200 मीटर की ऊंचाई पर 'न्याय की देवी' का दरबार, पर बुनियादी सुविधाओं की दरकार

🌸आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज

इसके बाद दो अगस्त को धर्मेंद्र सिंह दानू ने एक अन्य तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपित ने इंटरनेट मीडिया पर स्थानीय विधायक के खिलाफ गाली-गलौज तथा भ्रामक वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया। इस मामले में बीएनएस की धाराओं 352, 353, 356 तथा आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस के अनुसार आरोपित लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी तलाश में रानीखेत, रामनगर, बिजनौर, हरिद्वार, सहारनपुर तथा देहरादून समेत कई स्थानों पर दबिश दी गई। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और बीएनएसएस की धारा 84 के तहत नोटिस जारी होने के बाद उसके घर पर मुनादी भी कराई गई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:​नेपाल को फिर हिंदू राष्ट्र बनाने और राजशाही की वापसी के लिए शुरू हुआ देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान

आखिरकार पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम बैजनाथ थाना क्षेत्र के पिंगलो बैंड, कंधार तिराहा स्थित यात्री विश्राम गृह के सामने से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन, उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल, मुख्य आरक्षी नवीन कुमार, एसओजी के आरक्षी संतोष कुमार और भुवन बोरा शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *