Almora News:विवेकानंद सभागार में आयोजित हुआ सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह

0
ख़बर शेयर करें -

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह गुरुवार को विवेकानंद सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं माननीय राज्यपाल उत्तराखंड लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए गए। माननीय राज्यपाल द्वारा 15 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए। विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जबकि पांच विद्यार्थियों को प्रायोजित स्मृति स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों में कुल 48 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान की गई।

इस अवसर पर माननीय राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित “विधि सहयोगी ऐप” तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ. ललित चंद्र जोशी की पुस्तक “पत्रकारिता : संभावनाएं, भविष्य एवं चुनौतियां” का विमोचन किया। साथ ही पदक प्रायोजकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:आयुष मंत्री मदन कौशिक की बड़ी घोषणा: राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ ने वापस ली हड़ताल

अपने संबोधन में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रयासरत रहने तथा “लोकल टू ग्लोबल” सोच विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, मूल्य एवं अनुभव जीवन में सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, तकनीक एवं सूचना प्रौद्योगिकी को भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए युवाओं से इन क्षेत्रों में दक्षता विकसित करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में स्थापित विभिन्न नवाचार एवं शोध केंद्रों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कैंप कार्यालय लोहियाहेड में जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर जनसमस्याएं सुनी

कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय के विस्तार, शोध गतिविधियों तथा शिक्षण गुणवत्ता सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. एस. ए. हामिद द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, महापौर अजय वर्मा, कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट तथा कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

जिला सूचना अधिकारी , अल्मोड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *