दीपावली पर अल्मोड़ा पुलिस ने लौटाई खुशियां: खोए हुए 63 मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे
दीपावली पर अल्मोड़ा पुलिस ने लौटाई खुशियां: खोए हुए 63 मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे
अल्मोड़ा: दिवाली के खास मौके पर अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन को एक बड़ी सौगात दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अल्मोड़ा के कुशल निर्देशन में साइबर सेल व एसओजी टीम ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए विभिन्न जनपदों से गुम हुए 63 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 9,45,000/- (नौ लाख पैंतालीस हजार) रुपये आंकी गई है।
दीपावली पर मिला खोया हुआ ‘डिजिटल उपहार’
पुलिस कार्यालय अल्मोड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के द्वारा बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। जिन लोगों को उनके खोए या गुम हुए मोबाइल वापस मिले, उनके चेहरों पर दीपावली की चमक और खुशी साफ झलक रही थी। मोबाइल स्वामियों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा, लेकिन अल्मोड़ा पुलिस और साइबर सेल की मेहनत ने इस असंभव को संभव कर दिखाया।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी तक फैला था जाल
साइबर सेल व एसओजी की टीम ने अथक प्रयासों और तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए दिल्ली, पंजाब, बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, नोएडा, एवं बरेली सहित उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। विभिन्न कंपनियों के इन 63 मोबाइलों की बरामदगी से पुलिस की सक्रियता का एक बार फिर लोहा मनवाया गया है।
पुलिस की अपील—‘संचार साथी’ पोर्टल का करें उपयोग
मोबाइल स्वामियों ने अल्मोड़ा पुलिस, साइबर सेल और एसओजी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। इस दौरान पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी का भी मोबाइल फोन खो जाता है, तो वे तुरंत ‘संचार साथी’ पोर्टल पर स्वयं ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, नजदीकी थाने या साइबर सेल को तुरंत सूचित करें, जिससे मोबाइल को रिकवर करने हेतु त्वरित कार्रवाई की जा सके।
