Almora News:करंट लगने से एक साथ तीन बंदरों की मौत, पशु प्रेमियों ने किया अंतिम संस्कार

इंसान की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार और श्राद्ध-कर्म करना सामान्य बात है। लेकिन जब किसी जानवर की मौत पर ऐसा होता है, तो यह न केवल आश्चर्यजनक लगता है बल्कि पशु प्रेम का अद्भुत उदाहरण भी बनता है। ऐसी ही एक घटना अल्मोड़ा के झिझाड़ इलाके से सामने आई है।
घटना के अनुसार, बीती रात एक ट्रांसफार्मर से करंट लगने के कारण एक साथ तीन बंदरों की मौत हो गई। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सभासद और पशु प्रेमी अमित साह मोनू ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, प्रशासन से बात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने अपनी स्कूटी से मृत बंदरों को ले जाकर पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया।
🌸श्रद्धा और सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार
अमित साह मोनू ने बताया कि बंदरों को बजरंगबली का रूप माना जाता है। इसी मान्यता के चलते बंदरों को दफनाने से पहले उनके सिर पर लाल कपड़ा बांधा गया और फिर मिट्टी डालकर उन्हें सम्मानपूर्वक दफनाया गया। इस कार्य में सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक जोशी, दीपांशु जोशी, पशु प्रेमी लावण्या पंत, कमल बिष्ट और अन्य लोगों ने सहयोग किया।