दन्या पुलिस ने जनगणना कर्मियों को साइबर ठगी और अपराधों के प्रति किया जागरूक
दन्या पुलिस ने जनगणना कर्मियों को साइबर ठगी और अपराधों के प्रति किया जागरूक
दन्या (अल्मोड़ा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागरूकता 2.0’ अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महन्त द्वारा राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाज में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वर्ष 2027 की जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों व अन्य वित्तीय ठगी के प्रति जागरूक किया गया।
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महन्त ने जनगणना कर्मियों को कार्य के दौरान सुरक्षा एवं सुचारू संचालन के लिए पुलिस सहायता की जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड, म्यूल बैंक खातों के दुरुपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पुलिस टीम ने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। साथ ही साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 तथा आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी।
