Almora News:​डीएम अंशुल सिंह ने किया जागेश्वर क्षेत्र का निरीक्षण, अर्तोला में मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने के दिए निर्देश

0
ख़बर शेयर करें -

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने  जागेश्वर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने पर्यटकों की सुविधाओं की व्यवस्थाओं को देखा तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

उन्होंने पनुवानौला में बिखरे पड़े कूड़े पर नाराजगी जाहिर की तथा कूड़े के  समुचित प्रबंधन के लिए संबंधितों को दिशा निर्देश दिए। यहां उन्होंने पार्किंग की आवश्यकता पर बल देते हुए संबंधितों को कहा कि पार्किंग के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जाए।

 जिलाधिकारी अर्तोला पार्किंग पहुंचे तथा पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा साफ सफाई आदि की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा कहा कि जागेश्वर धाम में बढ़ती पर्यटकों की संख्या के दृष्टिगत पार्किंग व्यवस्थाओं को विस्तृत किया जाना आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कहा कि अर्तोला पार्किंग को मल्टी स्टोरी पार्किंग के रूप में विस्तारित करने के लिए आगणन बनाकर प्रस्तुत करें। उन्होंने यहाँ कूड़ा प्रबंधन और शौचालयों की नियमित साफ सफाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  Pithoragarh News:पिथौरागढ़: स्थानीय उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मार्केट, डीएम ने एरोमैटिक व औषधीय पौधों की खेती पर दिया जोर

 

अर्तोला से जागेश्वर तक पैदल भ्रमण करते हुए मार्गीय व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय प्रशासन को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में पर्यटकों की संख्या में गुणात्मक वृद्धि हुई है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतें तथा व्यवस्थाओं के लिए नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि हुड़दंगियों, यातायात व्यवस्था में व्यवधान डालने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि अर्तोला से जागेश्वर तक कूड़ा एकत्रण की समुचित व्यवस्था करें। इसके लिए उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात करें और व्यवस्थाओं को पर्यटकों की बढ़ती संख्या के अनुसार सुदृढ़ करें।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जागेश्वर मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की तथा जनपद वासियों के लिए सुख समृद्धि की कामना की। यहां उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने पंडित पुजारियों की समस्याएं भी सुनी तथा स्थानीय प्रशासन को कहा कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए सभी हितधारकों के साथ बैठक करें एवं उनके समाधान के लिए प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि मंदिर में पर्याप्त व्यवस्थाओं को बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात करें जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  Bageshwar News:जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कलेक्ट्रेट व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

यहां जिलाधिकारी ने जागेश्वर मास्टर प्लान की भी समीक्षा की तथा इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, प्रदीप धौलाखंडी, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार तथा कार्यवाहक प्रबंधक ज्योति धपवाल सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *