अल्मोड़ा की बेटी एकता बिष्ट को उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026, क्षेत्र में खुशी की लहर
अल्मोड़ा की बेटी एकता बिष्ट को उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026, क्षेत्र में खुशी की लहर
अल्मोड़ा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और देवभूमि की बेटी एकता बिष्ट को खेल के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026’ के लिए चयनित किया गया है। इस उपलब्धि से सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।
एकता बिष्ट ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर न केवल भारतीय क्रिकेट में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उनकी यह सफलता वर्षों के संघर्ष, तपस्या और खेल के प्रति अटूट समर्पण का प्रतिफल है, जो प्रदेश की युवा पीढ़ी—विशेषकर बेटियों—के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
एकता बिष्ट को यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने की घोषणा पर उन्हें चारों ओर से बधाइयों और शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों एवं शुभचिंतकों ने एकता के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की ईश्वर से कामना की है।
इसके साथ ही, एकता बिष्ट के बड़े भाई एवं भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट तथा उनके पूरे परिवार को इस गरिमामयी सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी गई है। स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित करने और एकता बिष्ट को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजने के लिए उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
