कर्नाटक खोला-रेलापाली मार्ग: क्षतिग्रस्त भवनों को मिलेगा मुआवजा, लोनिवि टीम ने किया निरीक्षण

कर्नाटक खोला-रेलापाली मार्ग: क्षतिग्रस्त भवनों को मिलेगा मुआवजा, लोनिवि टीम ने किया निरीक्षण
अल्मोड़ा। कर्नाटक खोला-रेलापाली लिंक मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान हुई कटिंग से प्रभावित दो भवनों, नौलों और स्थानीय रास्तों की समस्या को लेकर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय पार्षद अमित साह ‘मोनू’ की पहल पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को मौके पर जाकर निरीक्षण के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को लोनिवि के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता विभागीय अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दो क्षतिग्रस्त भवनों के नुकसान का आंकलन किया और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, स्थानीय लोगों द्वारा सड़क कटिंग से क्षतिग्रस्त हुए नौलों, पैदल मार्गों और बेतरतीब ढंग से फैले मलबे/मिट्टी की समस्या उठाने पर विभाग ने इनके सुधारीकरण और मिट्टी के त्वरित निस्तारण का भरोसा भी दिया।
पार्षद अमित साह की इस त्वरित पहल और जिलाधिकारी व लोनिवि अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय निवासियों ने आभार जताया। निरीक्षण के दौरान पार्षद अभिषेक जोशी, स्थानीय निवासी नरेंद्र बिष्ट और लोनिवि के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।