उत्तराखंड शासन की ओर से प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड शासन ने बुधवार, 26 अगस्त को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के कुल छह अधिकारियों के विभागों में फेरबदल करने का आदेश जारी किया है।

यह आदेश कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 के द्वारा जारी किया गया है, जिसमें सभी अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

🌸आईएएस अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां

जारी किए गए आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी विजय कुमार जोगदांडे को पहले से मिल रही अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, निर्वाचन, स्टाफ ऑफिसर-मुख्य सचिव तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अब अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।

इसके अलावा, आईएएस अधिकारी डॉ. आनन्द श्रीवास्तव को उनके पहले वाले अपर सचिव राजस्व विभाग के पद से स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्हें अब अपर सचिव नागरिक उड्डयन व महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा लक्ष्मेश्वर में भव्य श्री मंगल कलश यात्रा के साथ 13वें दुर्गामहोत्सव का शुभारंभ

एक अन्य फेरबदल में आईएएस अधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी को अपर सचिव शहरी विकास एवं आवास, निदेशक शहरी विकास निदेशालय और मुख्य कार्यपालक अधिकारी, भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के पदभार से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है। इसके बाद उन्हें नया पदभार देते हुए अपर सचिव, आवास विभाग बनाया गया है।

🌸पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों का तबादला

प्रशासनिक सूची में पीसीएस अधिकारियों और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। पीसीएस अधिकारी सुन्दर लाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन, समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम और आयुक्त दिव्यांगजन के पदभार से अवमुक्त किया गया है। उन्हें अब सिर्फ अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  ​डॉ. ढाल सिंह बिसेन बनाए गए उत्तराखंड के नए राज्यपाल ​लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे डॉ. बिसेन।

सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह को अपर सचिव राजस्व एवं गृह विभाग के पद से स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्हें अब नए दायित्व के रूप में अपर सचिव, आवास विभाग सौंपा गया है।

सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रॉकली को नई तैनाती के तहत अपर सचिव, राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग में तैनात किया गया है। शासन की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पदभार से तत्काल कार्यमुक्त होकर अपनी नई तैनाती वाले पदों पर कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही, इसकी आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।