ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग ठप, NDRF-SDRF और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना | अलकनंदा तटवर्ती इलाकों में अलर्ट

0
ख़बर शेयर करें -

 

ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग ठप, NDRF-SDRF और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना | अलकनंदा तटवर्ती इलाकों में अलर्ट

 

 

 

चमोली / ज्योतिर्मठ:

चमोली जनपद की सीमान्त नीति घाटी में सोमवार शाम हुई भीषण अतिवृष्टि के कारण तमक नाला अचानक प्रचंड उफान पर आ गया। नाले के भयंकर जलप्रवाह और मलबे की चपेट में आने से ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर स्थित तमक नाले का वैली ब्रिज बह गया। इस हादसे के बाद नीति घाटी का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट गया है और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

 

 

 

 

प्राथमिक सूचना के अनुसार, नाले के तेज बहाव में एक वाहन और एक व्यक्ति के बहने की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को तुरंत राहत व बचाव कार्य के लिए घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा: लमगड़ा पुलिस ने मेरगांव और पुबाऊ जैंती इंटर कॉलेज में चलाया जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को बताए सुरक्षा के गुर

 

 

 

 

बीआरटीएफ का वैली ब्रिज ध्वस्त, मलारी की ओर यातायात रोका

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 123 बीआरटीएफ (सुराईथोटा) द्वारा निर्मित यह वैली ब्रिज नाले में अचानक आए भारी जलस्तर को सहन नहीं कर सका और तेज बहाव में बह गया।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मलारी की ओर से आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। प्रशासनिक और राहत टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं तथा मार्ग को वैकल्पिक रूप से सुचारू करने और बचाव कार्यों की रणनीति बनाई जा रही है।

 

 

 

 

अलकनंदा के जलस्तर में वृद्धि की आशंका, निचले इलाकों में अलर्ट जारी

तमक नाले में उफान के कारण अलकनंदा नदी के जलस्तर में अचानक तेजी से बढ़ोतरी की आशंका बन गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के निचले व तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:द्वाराहाट कोतवाली में वरिष्ठ नागरिकों व महिलाओं संग गोष्ठी, सुरक्षा और नशा मुक्ति पर दिया जोर

 

 

 

पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा तटीय बस्तियों में मुनादी (लाउडस्पीकर से ऐलान) करवाकर लोगों को सावधान रहने और नदी-नालों के आसपास न जाने की हिदायत दी जा रही है।प्रशासन की अपील: अनावश्यक यात्रा से बचें जिला प्रशासन ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि खराब मौसम और संवेदनशील स्थिति को देखते हुए नीति घाटी क्षेत्र में अनावश्यक यात्रा करने से बचें। केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *