Uttrakhand News:CM धामी ने हरिद्वार में धोए कांवड़ियों के चरण, हेलीकॉप्टर से हुई शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा
मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में धोए कांवड़ियों के चरण, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा
हरिद्वार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रा पर आए शिव भक्तों का भव्य स्वागत किया। कांवड़ पटरी स्थित अलकनंदा होटल के पास आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं पांच कांवड़ियों के चरण धोकर और उन्हें माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
कांवड़ यात्रियों की सेवा के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया। इसके बाद सीएम धामी ने शिव भक्तों के लिए आयोजित भंडारे में खुद कांवड़ यात्रियों को भोजन परोसा। इस पूरे आयोजन के दौरान ‘हर की पैड़ी’ समेत विभिन्न प्रमुख स्थानों पर हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों के ऊपर भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा क्षेत्र ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान और सेवा पाकर शिव भक्त बेहद उत्साहित नजर आए।
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा: > “मैं स्वयं को अत्यंत भाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे लगातार शिव भक्तों और कांवड़ियों की सेवा करने का यह पावन अवसर मिल रहा है।”
>
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आ रहे सभी कांवड़ यात्रियों से सुरक्षित, अनुशासित और स्वच्छ यात्रा बनाने की अपील भी की।