Pithoragarh News:पिथौरागढ़: डीएम आशीष भटगांई ने जिला गंगा सुरक्षा समिति की ली बैठक, नदियों के संरक्षण व अपशिष्ट प्रबंधन पर दिए सख्त निर्देश

0
ख़बर शेयर करें -

जनपद में गंगा की सहायक नदियों के संरक्षण, स्वच्छता तथा अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा हेतु जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला अधिकारी कैंप कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में निर्माणाधीन, संचालित एवं प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित एसटीपी से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए तथा कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक बैठक में दिए गए निर्देशों को अगली बैठक में दोहराने की आवश्यकता नहीं पड़नी चाहिए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में 8 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, चारधाम यात्रा थमी; बागेश्वर, चंपावत और टिहरी में स्कूल बंद

जिलाधिकारी ने जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए इसके लिए भूमि चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित नगर निकाय एवं स्थानीय प्रशासन आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र स्थल चयन की कार्यवाही पूर्ण करें। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निस्तारण हेतु स्थल चयन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। इसके जो भी आवश्यक समन्वय हो, उसको किया जाए तथा कार्य में तेजी लाई जाए।

बैठक में जिला पंचायत द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शीघ्र कॉम्पेक्टर मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी, गंगा सुरक्षा समिति ज्योत्सना जोशी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्यवाही तथा विभिन्न कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा में पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाया गया शौर्य दिवस, कारगिल शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जल निगम, जल संस्थान एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा की सहायक नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें, जिससे जनपद में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके। कहा कि लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ प्रशांत कौशिक सहित जल निगम, जल संस्थान एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला सूचना अधिकारी पिथौरागढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *