Almora News:अल्मोड़ा: स्टाम्प शुल्क चोरी के 18 मामलों का निस्तारण, ADM कोर्ट ने किया ₹24.33 लाख से अधिक का जुर्माना

0
ख़बर शेयर करें -

स्टाम्प शुल्क चोरी के 18 मामलों का निस्तारण, 24.33 लाख रुपये से अधिक की शास्ति अधिरोपित

अपर जिलाधिकारी न्यायालय, अल्मोड़ा में विचाराधीन स्टाम्प शुल्क की कमी से संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण करते हुए अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र द्वारा कुल 18 वादों का निस्तारण किया गया। सभी मामलों में दोनों पक्षों को सुनवाई का पूर्ण अवसर प्रदान करने के उपरांत नियमानुसार निर्णय पारित किए गए।

इन प्रकरणों में विक्रय विलेखों में भूमि एवं संपत्ति पर स्थित संरचनाओं, वृक्षों, भूमि की प्रकृति तथा उसके उपयोग से संबंधित तथ्यों का सही उल्लेख न कर गलत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके परिणामस्वरूप स्टाम्प एवं निबंधन शुल्क की कम अदायगी कर राजस्व की क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया। न्यायालय में सुनवाई के दौरान ऐसे मामलों में स्टाम्प शुल्क की कमी पाए जाने पर भारतीय स्टाम्प अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें 👉  'बड़ी खबर' नैनीताल में आज से 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नियम लागू: बिना हेलमेट नहीं मिलेगा ईंधन, एंट्री प्वाइंट्स पर भी कड़े प्रतिबंध

निर्णीत मामलों में पक्षकारों से कम जमा किए गए स्टाम्प एवं निबंधन शुल्क के अतिरिक्त वैधानिक अर्थदंड तथा विलेख निष्पादन की तिथि से आदेश की तिथि तक अधिनियम में वर्णित प्रावधानों के अनुसार 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से शास्ति भी अधिरोपित की गई।

न्यायालय द्वारा निस्तारित 18 मामलों में कुल 24,33,990 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है, जिसके सापेक्ष अब तक 8,32,853 रुपये की धनराशि राजकोष में जमा कराई जा चुकी है। शेष मामलों में संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी कर धनराशि जमा कराने की कार्यवाही गतिमान है। निर्धारित समयावधि में धनराशि जमा न किए जाने की स्थिति में संबंधित राशि की वसूली भू-राजस्व के बकाए की भांति की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  *'बड़ी खबर' दिल्ली के उत्तराखंड निवास में 'अत्याधुनिक मीडिया सेंटर' का लोकार्पण: मुख्यमंत्री धामी और केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने दी बड़ी सौगात

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्टाम्प शुल्क की चोरी रोकने तथा राजस्व हितों की सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *