उत्तराखंड में पर्यटक का बवाल, महिला पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला, वीडियो वायरल, महिला हुई बेहोश
उत्तराखंड में पर्यटक का बवाल, महिला पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला, वीडियो वायरल, महिला हुई बेहोश
पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ उपद्रव और मारपीट की घटनाएं भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं। देर रात मॉल रोड क्षेत्र में एक पर्यटक द्वारा स्थानीय महिला और उसके पति पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला किए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे उपद्रवी पर्यटकों पर सख्ती नहीं की गई तो मसूरी की शांत और सुरक्षित पहचान पर गंभीर असर पड़ेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात किसी बात को लेकर हरियाणा से आए एक पर्यटक की स्थानीय दंपति से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक ने सामने की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाकर हमला कर दिया। क्रेट का जोरदार वार महिला के सिर पर लगा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। वही उसके पति पर भीकइ बार वार किया गया आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी हरियाणा का निवासी है और घटना के समय शराब के नशे में बताया जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
हमले में घायल महिला को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का इलाज जारी है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वीडियो में पर्यटक का आक्रामक व्यवहार और महिला पर हमला साफ दिखाई दे रहा है। लोग आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर है और यहां आने वाले पर्यटकों का हमेशा स्वागत है। लेकिन कुछ शराबी और असामाजिक तत्व पर्यटन की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे लोगों के कारण न केवल स्थानीय लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, बल्कि मसूरी की छवि भी धूमिल हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पर्यटकों द्वारा शराब पीकर हुड़दंग, मारपीट और अभद्रता की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। नागरिकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नशे में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।