Uttrakhand News:यहां बाघ ने बीट वॉचर पर हमला कर बनाया शिकार,ग्रामीणों में आक्रोश

उत्तराखंड के नैनीताल स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज के सांवल्दे क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना घटी, बाघ ने बीट वॉचर प्रेम सिंह पर हमला कर उसकी जान ले ली.

यह भयावह घटना उस समय हुई, जब प्रेम सिंह अपनी पत्नी और नौ वर्षीय बेटे के साथ जलौनी लकड़ी लेने जंगल गया था. घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है, और उन्होंने सड़क जाम कर बाघ को पकड़ने और मृतक के परिजनों को सहायता देने की मांग की.

गुरुवार दोपहर प्रेम सिंह, जो कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बीट वॉचर के तौर पर कार्यरत थे, अपनी पत्नी रूपा और बेटे उदय के साथ जंगल में लकड़ी लेने गए थे. जलौनी लकड़ी बीनते हुए जब वे कुछ ही कदम आगे बढ़े, तो झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया. बाघ ने प्रेम सिंह को अपनी पकड़ में लेकर घसीटना शुरू कर दिया. यह खौफनाक दृश्य उनकी पत्नी और बेटे के सामने घटा. रूपा ने अपनी पूरी ताकत से बाघ का पीछा किया और मदद के लिए चीख-पुकार की, लेकिन जंगल की गहराई में उनकी आवाज कहीं खो गई. बाघ प्रेम सिंह को अपने साथ घने जंगलों में ले गया और उनकी जान ले ली.

ग्रामीणों ने शव रखकर जाम की सड़क

यह भी पढ़ें 👉  ​डॉ. ढाल सिंह बिसेन बनाए गए उत्तराखंड के नए राज्यपाल ​लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे डॉ. बिसेन।

🌸मृतक की पत्नी बयां किया मौत का भयावह मंजरमृतक प्रेम सिंह की पत्नी रूपा ने बताया कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जंगल का यह दौरा उनकी जिंदगी को इतना बड़ा जख्म दे जाएगा. उनकी चीखें और बाघ का पीछा करना सब बेकार साबित हुआ. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शाम चार बजे ढेला-रामनगर मार्ग पर सांवल्दे वन चौकी के पास प्रेम सिंह का शव रखकर सड़क जाम कर दिया. भाजपा नेता इंदर रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी, और महेश जोशी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की.

ग्रामीणों का कहना था कि बाघ को पकड़ने या उसे मारने के सख्त कदम उठाए जाएं. उन्होंने वन विभाग को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया और कहा कि अगर इस अवधि में बाघ नहीं पकड़ा गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे. वहीं हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा और पार्क वार्डन अमित ग्वासीकोटी ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया. अधिकारियों ने बताया कि बाघ को पकड़ने के लिए कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए जा रहे हैं. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मृतक के परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. इसके अलावा, अधिकारियों ने मृतक की पत्नी को नौकरी देने और परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान करने की मांगों पर भी विचार करने का आश्वासन दिया है.

यह भी पढ़ें 👉  ​डॉ. ढाल सिंह बिसेन बनाए गए उत्तराखंड के नए राज्यपाल ​लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे डॉ. बिसेन।

🌸वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

वन विभाग ने घटनास्थल पर सघन तलाशी अभियान चलाया. कानिया बीट फूलताल ब्लॉक के कक्ष संख्या 10 में बाघ को पकड़ने के लिए कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए गए हैं. उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने बताया कि बाघ की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. प्रेम सिंह कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज में बीट वॉचर के पद पर कार्यरत थे. वे पिछले तीन दिनों से बीमार होने के कारण अवकाश पर थे, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते गुरुवार को जंगल में लकड़ी लेने गए थे. उनकी मौत ने उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है.