Uttrakhand News :खुशखबरी: उत्तराखंड की मनीषा चौहान का भारतीय हॉकी टीम में चयन,एफआइएच प्रो लीग खेलने जाएंगी बेल्जियम और इंग्लैंड

0
ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार जिले के श्यामपुर की मनीषा चौहान का भारतीय हॉकी टीम में चयन होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। जल्द ही भारतीय महिला हॉकी टीम एफआइएच प्रो लीग खेलने बेल्जियम और इंग्लैंड जाएंगी।

वहीं, इससे पहले हरिद्वार जिले की वंदना कटारिया भी भारतीय महिला हॉकी टीम में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। वंदना 2021 में टोक्यो ओलिंपिक में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी बनी।

मनीषा का चयन भारतीय महिला हॉकी टीम में होने से उत्तराखंड प्रदेश के साथ हरिद्वार जनपद का भी गौरव बढ़ा है। हॉकी इंडिया बोर्ड ने दो मई को भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की। इसमें उत्तराखंड से मनीषा चौहान का चयन किया गया। मनीषा का चयन हाल ही में पुणे में आयोजित 14वीं हॉकी इंडिया सीनियर वुमन नेशनल चैंपियनशिप में किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्लेयर आफ द मैच का खिताब भी जीता।

यह भी पढ़ें 👉  Weather Update:उत्तराखंड में मौसम की दोहरी मार: मैदानों में कोहरे का 'येलो अलर्ट', कल से पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

💠स्कूल की ओर से हॉकी खेलना शुरू किया

बीएसएफ से सेवानिवृत्त हुए मनीषा के पिता ज्ञान सिंह ने बताया कि वर्ष 1999 में जन्मी मनीषा दो भाई-बहन में से बड़ी हैं। छोटे भाई राहुल चौहान ने हाल ही में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। मनीषा श्रीराम विद्या मंदिर श्यामपुर की छात्रा रही। यहां शिक्षा ग्रहण करने के दौरान ही स्कूल की ओर से हॉकी खेलना शुरू किया और यहीं से उनकी रूचि इस खेल के तरफ बढ़ी।

मनीषा ने 2016 में जूनियर वुमन नेशनल प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम की कमान संभाली। 2018 में नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस दिल्ली के लिए चयनित हुई। 2019 में केन्या और बांगलादेश में खेलने गई। 2020 में आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी और फर्स्ट खेलो इंडिया में प्रतिभाग किया।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा: बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिलाधिकारी सख्त, नकल करने या कराने पर होगी कठोर कार्रवाई

2021 में फर्स्ट हॉकी इंडिया सीनियर वूमन इंटर डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप में कप्तान रही और बेस्ट मिडफील्डर का अवार्ड जीता। श्रीराम विद्या मंदिर के प्रबंधक राजीव भल्ला, प्रधानाचार्य बबीता अग्रवाल श्रीनिवास ने मनीषा की इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी।

💠मनीषा ने बढ़ाया एसएमजेएन कालेज का मान

मनीषा वर्ष 2016 से 2019 के बीच शहर के एसएमजेएन पीजी कालेज की छात्रा रही हैं। मनीषा की उपलब्धि पर कालेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि कालेज के छात्र हर क्षेत्र में धर्मनगरी का मान बढ़ा रहे हैं।

कहा कि मनीषा भी वंदना कटारिया की तरह हॉकी टीम में शानदार प्रदर्शन करेगी। प्राचार्य डा. सुनील कुमार बत्रा, इतिहास विभाग के अध्यक्ष व कालेज के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा. संजय माहेश्वरी, खेलकूद अधीक्षक डा. तेजवीर सिंह तोमर ने भी मनीषा को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *