Weather Update :उत्तराखंड में रात के समय पड़ने लगी कड़ाके की ठंड,न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे जा रहा है

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। पहाड़ के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे जा रहा है। बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है।

लोहाघाट में न्यूनतम तापमान शून्य तक पहुंचने के कारण नलों में पानी जम जा रहा है। तराई-भाबर में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच रहा है। इन दिनों नैनीताल आने वाले पर्यटक दिन में गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे हैं तो रात में कड़ाके की ठंड का एहसास भी कर रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो 22 से 23 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखी जा सकती है।

💠चम्पावत और लोहाघाट में कड़ाके की ठंड

नैनीताल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में यहां तापमान 22 डिग्री तक भी पहुंच रहा है। अल्मोड़ा में सुबह का आगाज ही शरीर को जकड़ देने वाली ठंड से हुआ। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया, हालांकि धूप आते ही तापमान 20 डिग्री तक पहुंचने से लोगों ने राहत की सांस ली। चम्पावत और लोहाघाट में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

यह भी पढ़ें 👉  देश विदेश का ताजा खबरें रविवार 21 जुलाई 2024

💠दिख रहा बर्फबारी असर

लोहाघाट में रात का तापमान शून्य तक पहुंच रहा है तो चम्पावत में बुधवार को न्यूनतम पारा 3.6 डिग्री तक रहा। बागेश्वर में दिन और रात के तापमान में दस गुना तक का अंतर आ रहा है। यहां बुधवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले इलाकों की बर्फबारी का असर जिला मुख्यालय तक दिख रहा है। शहर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री तक पहुंच रहा है।

💠तराई-भाबर में भी बढ़ी ठंड

तराई-भाबर में कोहरे की आमद के साथ ही रात में सर्दी बढ़ गई है। रुद्रपुर में बुधवार को न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले एक हफ्ते में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिसंबर माह के अंत तक इसमें चार डिग्री तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिससे कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी।

💠…और बढ़ेगी ठंड

अगले कुछ दिनों में पहाड़ के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। जिससे पहाड़ों में कड़ाके की ठंड शुरू होगी। साथ ही तराई-भाबर क्षेत्र में अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है। पारा गिरने के साथ ही कोहरे की दस्तक से ठंड में इजाफा होगा।

यह भी पढ़ें 👉  Weather Update :मौसम विभाग की ओर से उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट किया गया जारी,अगले 24-48 घंटे सतर्क रहने की दी गई चेतावनी

– डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक, पंतनगर विश्वविद्यालय

💠तापमान में भारी अंतर से बढ़ेंगी मुसीबतें

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो रात और दिन के तापमान में भारी अंतर से मुसीबतें बढ़ सकती हैं। रात का पारा गिरने से जहां कोहरा छाया रहेगा, वहीं कड़ाके की ठंड शुरू होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने से फसलों को भी नुकसान होने की आशंका है। कड़ाके की ठंड होने से बुजुर्गों व हार्ट के मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 22 से 24 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में जबकि 23 दिसंबर को उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और उत्तराखंड में हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है।

💠अल्मोड़ा में आज का मौसम

बीते बुधवार अल्मोड़ा जिले में सुबह से ही धूप खिली रही और मौसम साफ रहा अल्मोड़ा जिले में आज मौसम विभाग के अनुसार मौसम साफ रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *