ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा, जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताई है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और राहत-बचाव की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

🌸इन जिलों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका

आईएमडी के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में 31 जुलाई को भारी वर्षा के साथ जलभराव और फ्लैश फ्लड की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कुलपति डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट से की मुलाकात, शिक्षा के विस्तार और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों पर हुई विस्तृत चर्चा

🌸राहत एवं बचाव दलों को रखा गया तैयार

सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, स्थानीय अधिकारियों को सक्रिय रखने और किसी भी मार्ग के बाधित होने पर उसे तुरंत खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं।

🌸SDRF, पुलिस और BRO सहित सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

राज्य सरकार ने पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), ग्रामीण निर्माण विभाग तथा सीमा सड़क संगठन (BRO) सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।

यह भी पढ़ें 👉  चम्पावत में 9 अगस्त को सजेगा 'सावन उत्सव-2026', 15 उत्कृष्ट महिलाओं को मिलेगा 'नंदा शिखर सम्मान'

🌸स्कूलों की सुरक्षा और यात्रा को लेकर विशेष निर्देश

राज्य सरकार ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों से कहा गया है कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक होने पर विद्यालयों को लेकर उचित निर्णय लें।

साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।

🌸आमजन से सतर्क रहने की अपील

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि लोग नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा न करें और किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *