Uttrakhand News:आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा-2026 की तैयारियों का व्यापक निरीक्षण आदि कैलाश यात्रा को लेकर प्रशासन एक्शन में—गूंजी में व्यवस्थाओं की एडीएम की समीक्षा

0
ख़बर शेयर करें -

प्रेस नोट
पिथौरागढ़ | दिनांक 26 अप्रैल 2026, सूचना विभाग

आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा-2026 की तैयारियों का व्यापक निरीक्षण आदि कैलाश यात्रा को लेकर प्रशासन एक्शन में—गूंजी में व्यवस्थाओं की एडीएम की समीक्षा

आदि कैलाश यात्रा-2026: गूंजी में व्यवस्थाओं की हकीकत जांचने पहुंची प्रशासनिक टीम

यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट मोड में —गूंजी में एडीएम टीम का जमीनी निरीक्षण

आगामी आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पिथौरागढ़ द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय टीम द्वारा धारचूला क्षेत्र अंतर्गत गूंजी में यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने गूंजी में बनाए गए आवासीय स्थलों, टेंट कॉलोनियों, विश्राम गृहों तथा अस्थायी शिविरों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों के ठहरने की क्षमता एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी स्थलों पर स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता बनी रहे। जल स्रोतों की नियमित सफाई एवं क्लोरीनेशन कराने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:उत्तराखंड बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट आज सुबह 10 बजे होगा घोषित, ऐसे चेक करें अपना परिणाम

स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत चिकित्सा शिविरों, प्राथमिक उपचार केंद्रों, एंबुलेंस की उपलब्धता एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्तता का निरीक्षण किया गया। एडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर तथा प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र (Emergency Response System) को सक्रिय एवं सुदृढ़ रखने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती, चेक पोस्टों की कार्यप्रणाली तथा निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया गया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, यात्रियों की आवाजाही पर नियमित निगरानी रखने एवं आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) की व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई तथा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। एडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पूरे यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए तथा प्लास्टिक मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:चारधाम यात्रा की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी, सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी

संचार एवं संपर्क व्यवस्था के अंतर्गत दूरसंचार नेटवर्क, वायरलेस सेट एवं अन्य संचार माध्यमों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त, बिजली आपूर्ति, खाद्य सामग्री की उपलब्धता, राशन आपूर्ति, यातायात प्रबंधन एवं मार्गों की स्थिति का भी गहन निरीक्षण किया गया। एडीएम ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए तथा किसी भी अवरोध को तत्काल हटाया जाए।

एडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यात्रा के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *