पानी की समस्या को लेकर आक्रोशित लोगों ने जल संस्थान कार्यालय पर किया प्रदर्शन

रानीखेत (अल्मोड़ा)। चिलियानौला नगरपालिका क्षेत्र में पानी का संकट बढ़ता ही जा रहा है। पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने जल संस्थान कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया।लोगों ने कहा कि क्षेत्र में 10 दिनों से पानी का संकट बना हुआ है।
कभी कभार पानी आ भी रहा है तो वह पर्याप्त नहीं है। कहा कि तिपौला योजना का वाॅल्व ठीक होने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं दिया जा रहा है। अधिशासी अभियंता ने जल्द ही वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत किया।
10 दिन से लोगो को नही मिल रहा प्रयाप्त पानी
चिलियानौला क्षेत्र में गगास-ताड़ीखेत और चिलियानौला तिपौला ग्राम समूह पेयजल योजना से आपूर्ति की जाती है लेकिन 10 दिनों से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। एक सप्ताह पहले पेयजल संकट को लेकर महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय में अधिकारियों का घेराव किया था। समस्या का समाधान नहीं होने पर सोमवार को एक बार फिर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष जल संस्थान कार्यालय पहुंच गए और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
पेयजल सकंट दूर नही हुआ तो बिल का भुगतान भी नही होगा
उपभोक्ताओं का कहना था कि विभाग की ओर से बिल तो समय पर लिया जा रहा है लेकिन उपभोक्ताओं को पानी नहीं दे पा रहा है। लोगों ने कहा कि जब तक पेयजल संकट दूर नहीं होता तब तक वे पानी के बिल का भुगतान नहीं करेंगे। अधिशासी अभियंता सुरेश ठाकुर ने उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही पेयजल व्यवस्था को सामान्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना में खराबी आ गई है जिसके चलते पानी की सप्लाई में दिक्कतें आ रही है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि चार दिन के भीतर व्यवस्था सामान्य नहीं हुई तो उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में चंदन सिंह रावत, कमलेश बोरा, शांति खत्री, शांति टनवाल, धना देवी, भगवती नेगी, मीरा नेगी, सरिता पपनै, हेमा अधिकारी, तुलसी अधिकारी, दिवान सिंह, महेंद्र सिंह आदि थे।
लोगो का यह है कहना
चिलियानौला वार्ड नंबर पांच में पानी का संकट गहराता जा रहा है। पानी के लिए बच्चों को परेशान होना पड़ रहा है जबकि तिपौला योजना भी अब ठीक हो चुकी है। जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। – चंदन सिंह रावत, पूर्व शिक्षक।
पालिका क्षेत्र में पानी का संकट लंबे समय से चल रहा है। लोग दूरदराज के स्रोतों पर निर्भर हैं। कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन विभाग कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं कर रहा है। संयोजनों में मीटर भी लगाए जाने चाहिए। – कमलेश बोरा, अध्यक्ष व्यापार मंडल चिलियानौला।
रिपोर्टर – रोशनी बिष्ट










लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें