Uttarakhand News:रिश्तेदार के यहां रक्षाबंधन मनाने जा रहे बाइक सवार पति-पत्नी पर झपटा तेंदुआ,ऐसे बचाई दोनों ने जान

तेंदुए ने बाइक सवार पति-पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में पति घायल हुआ है। उसे 108 से उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया है। इस घटना के कुछ देर बाद तेंदुए ने स्कूटी सवार एक युवक पर भी हमला किया।तेंदुए के हमले से स्कूटी रपट गई, जिससे युवक का एक हाथ फ्रैक्चर हुआ है।
🔹शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर निकल गया
नानकमत्ता निवासी मुरारी लाल शर्मा (45) बुद्धवार को रक्षाबंधन के लिए अपनी पत्नी के साथ बाइक से सूखीढांग निवासी रिश्तेदार के घर जा रहा था। बताया गया कि अमरू बैंड के पास अचानक तेंदुए ने मुरारी लाल शर्मा पर हमला कर दिया। हमला करते ही उनके शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर निकल गया और दोनों की जान बच गई। आनन-फानन में दोनों रिश्तेदार के घर सूखीढांग पहुंचे। सूचना पर घायल मुरारी लाल को 108 से टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
🔹पहले भी दोपहिया वाहन सवारों पर हमला कर चुका
इस बीच तेंदुए ने स्कूटी से सूखीढांग की ओर लौट रहे छीनीगोठ निवासी संजय गहतोड़ी (29) पुत्र नारायण दत्त गहतोड़ी पर भी बस्तिया के समीप हमला कर दिया। हेलमेट पहना होने से वह तेंदुए की पकड़ में नही आ पाया। स्कूटी गिरने से उसका हाथ फ्रैक्चर हुआ है। चिकित्साधिकारी डॉ. कार्तिक ने बताया कि घायल संजय को परिजन उपचार के लिए खटीमा ले गए हैं। बता दें कि सूखीढांग और बस्तिया के बीच राजमार्ग किनारे जंगल में विचरण कर रहा तेंदुआ राह चलते कई दोपहिया वाहन सवारों पर हमला कर घायल कर चुका है।