Kanwar Yatra 2023:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड आये शिवभक्त कावड़ियों के चरण धोकर किया स्वागत

ख़बर शेयर करें -

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डामकोठी के निकट स्थित ओम पुल स्थित गंगा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में कांवड़ यात्रियों के चरण धोकर और सम्मान स्वरूप गंगाजली भेंटकर उनका स्वागत किया। कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना सभी के लिए पुण्य का काम है।

🔹कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते मुख्यमंत्री

देश के विभिन्न राज्यों से आए कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार पूरे देश की श्रद्धा का केंद्र है। श्रावण मास में राज्य सरकार को कांवड़ यात्रियों का स्वागत करने का सौभाग्य मिला है। कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाकर सरकार इस यात्रा में कांवड़ यात्रियों का सहयोगी बनकर कार्य कर रही है।

🔹इस बार कांवड़ यात्रा पर पांच करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

कहा कि सरकार की ओर से कांवड़ यात्रियों के लिए विभिन्न स्थानों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर, शौचालय, पार्किंग, पेयजल, पथ प्रकाश आदि की समुचित व्यवस्था की गयी है। बीते वर्षों के मुकाबले इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक सुधारा गया है। पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा में जहां करीब चार करोड़ श्रद्धालु आए वहीं इस बार पांच करोड़ के आसपास श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए शासन प्रशासन पूरी तरह तैयार है। 

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News :अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने लिया अहम फैसला,कुंभ में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की घोषणा

 

कांवड़ मेले के सुचारू प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री ने सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यों की भी सराहना की। इस अवसर पर सांसद डा रमेश पोखरियाल निशंक, शहर विधायक मदन कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, शिवालिक नगर पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व महापौर मनोज गर्ग आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व उन्होंने डामकोठी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ कांवड़ यात्रा का संदेश दिया।

🔹सीएम धामी ने की पीएम की तारीफ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके नेतृत्व में भव्य और दिव्य केदारनाथ का निर्माण हुआ है। बद्रीनाथ में मास्टर प्लान पर कार्य चल रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ, महाकाल जैसे विभिन्न मंदिरों का पुनर्निर्माण कार्य भव्यता के साथ चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए कार्यों का उल्लेख विश्व स्तर पर हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज राज्य में चौतरफा सड़कों का जाल बिछ रहा है। सरकार आस्था एवं विकास से सनातन संस्कृति के संरक्षण का कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News :उत्तराखंड सरकार ने खाने में थूकने की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कड़े दिशानिर्देश किए लागू,1 लाख रुपये तक का लगाया जाएगा जुर्माना

🔹स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कनखल स्थित जगदगुरु आश्रम में स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से शिष्टाचार भेंट की व उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी अज सिंह, एडीएम बीर सिंह बुदियाल, एसडीएम पूरण सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

🔹कांवड़ यात्रियों पर सीएम ने की पुष्पों की वर्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने शंकराचार्य चौक पर कांवड़ पटरी और अस्थायी चिकित्सा शिविरों का औचक निरीक्षण किया। विभिन्न यात्रियों से प्रशासन की ओर से की गयी व्यवस्थाओं के बारे में फीड बैक लिया। उनसे बातचीत कर हालचाल जाना। कांवड़ पटरी पर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के अलावा पैदल कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने को भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

🔹सबकी सहमति से किया जाएगा मंत्रिमंडल का विस्तार

कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों के स्वागत को पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी से जब पत्रकारों ने मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि ये सब विषय सबकी सहमति से किया जाएगा। विभिन्न अवसरों पर इस बात को बोला जा चुका है और समय के अनुसार सब चीजें होंगी।