अल्मोड़ा धौलादेवी CHC में अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, जनप्रतिनिधियों ने दिया समर्थन

धौलादेवी CHC में अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू, जनप्रतिनिधियों ने दिया समर्थन
धौलादेवी (अल्मोड़ा):
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धौलादेवी में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की बहाली को लेकर जनआक्रोश फूट पड़ा है। अस्पताल में तत्काल अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित करने की मांग को लेकर डॉ. नीरज पंत के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है।
आंदोलन के पहले ही दिन क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों का अभूतपूर्व समर्थन देखने को मिला।
ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों का मिला पूरा साथ
धरने के पहले दिन सुबह 11 बजे से ही धरना स्थल पर क्षेत्र के लगभग सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जुटने शुरू हो गए। ‘प्रधान संगठन’ ने इस आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाने का ऐलान करते हुए हर दिन धरने में अपनी सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया है।
गर्भवती महिलाओं और मरीजों को झेलनी पड़ रही है फजीहत
आंदोलनकारियों का कहना है कि NMC मानकों के तहत CHC धौलादेवी में ये सुविधाएं काफी पहले शुरू हो जानी चाहिए थीं। वर्तमान में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में स्थानीय मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों को काफी दूर जाकर महंगी जांचें करानी पड़ रही हैं।
10-सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा
आंदोलन के संयोजक डॉ. नीरज पंत ने कहा, “यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे धौलादेवी क्षेत्र के जन-स्वास्थ्य से जुड़ी है। जब तक CHC को अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्स-रे मशीन सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल जातीं, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।”
मुख्य मांग के साथ-साथ अस्पताल की अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर एक 10-सूत्रीय मांग पत्र भी तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।
धरने में कई प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
धरने में मुख्य रूप से हरीश धर्मवाल, हरीश मलारा (प्रधान छंटाना), मोहन सिंह भंडारी (प्रधान दनिया), बसन जोशी (क्षेत्र पंचायत सदस्य), किशोर जोशी (प्रधान आटी), गोवर्धन पांडे (पूर्व प्रधान), बसंत पांडे (प्रधान प्रतिनिधि गौली), कैलाश पांडे (प्रधान मनौली), डी. के. जोशी (भाजपा मंडल अध्यक्ष), ईश्वर सिंह (प्रधान आरा), कैलाश पांडे (प्रधान सेली), गोकुल भट्ट (प्रधान चिमाखोली), गोकुल डसीला (पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष), अरुण पटवाल (प्रधान प्रतिनिधि नया सिरकोट), चंदन सिंह (क्षेत्र पंचायत सदस्य), सुमित शाह, केसर सिंह, ललित वर्मा और सुरेश चंद (प्रधान प्रतिनिधि दुनाड़) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।