अल्मोड़ा: झिंझाड़ वार्ड में पार्षद अमित साह मोनू का भव्य स्वागत, बुजुर्ग परिवार की समस्या के त्वरित समाधान पर जताया आभार
अल्मोड़ा: झिंझाड़ वार्ड में पार्षद अमित साह मोनू का भव्य स्वागत, बुजुर्ग परिवार की समस्या के त्वरित समाधान पर जताया आभार
अल्मोड़ा: झिंझाड़ वार्ड में जनहित के कार्यों और क्षेत्र में निरंतर सक्रियता के चलते वार्डवासियों ने पार्षद अमित साह मोनू का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया। वार्डवासियों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने बताया कि पार्षद दिन-रात क्षेत्र की समस्याओं के प्रति तत्पर रहते हैं। वार्ड में लंबे समय से बेतरतीब ढंग से बिछी पेयजल लाइनों को ठीक कराने, क्षतिग्रस्त मार्गों के निर्माण और नशेड़ियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए वे लगातार संबंधित विभागों व प्रशासन के समक्ष आवाज उठा रहे हैं।
मोहल्ले के खजान काण्डपाल ने बताया कि वार्ड में एक ऐसा परिवार रहता है जिसके सभी सदस्य बुजुर्ग हैं। उनके घर के ऊपर की क्षतिग्रस्त दीवार और हवा में लटकते रास्ते के कारण बारिश के पानी और बड़े हादसों का खतरा बना हुआ था। पार्षद ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल जिलाधिकारी अंशुल सिंह और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा से वार्ता की, जिसके परिणामस्वरूप क्षतिग्रस्त रास्ते का तुरंत निर्माण कराया गया। इस त्वरित कार्रवाई के लिए वार्डवासियों ने डीएम और नगर आयुक्त का भी आभार व्यक्त किया।
क्षेत्र के विकास और समस्याओं के सामूहिक समाधान के लिए इस अवसर पर ‘मां राज राजेश्वरी मोहल्ला समिति’ का भी गठन किया गया। समिति प्रशासन के समक्ष जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। इसके अलावा, जरूरतमंदों की सहायता के लिए मोहल्ले के बीचों-बीच एक स्ट्रेचर भी रखा गया है।
कार्यक्रम में भास्कर तिवारी, पंकज कनवाल, खजान काण्डपाल, जगदीश चंद्र तिवारी, राजेंद्र प्रसाद गुरुरानी, अरुण बिष्ट, भोपाल सिंह शाही, केतन पांडे, नीमा गुरुरानी, रजनी पंत, चंद्रा भट्ट सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।