पिथौरागढ़ में निर्माणाधीन कामकाजी महिला हॉस्टल का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश
पिथौरागढ़ में निर्माणाधीन कामकाजी महिला हॉस्टल का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश
पिथौरागढ़, जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन कामकाजी महिला हॉस्टल का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यदाई संस्था ब्रिडकुल (BRIDCUL) के अधिकारियों से हॉस्टल के ढांचे, कमरे और भविष्य में मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अवशेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने की ताकीद की, ताकि कामकाजी महिलाओं को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने हॉस्टल को महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आवश्यकताओं के अनुकूल तैयार करने पर विशेष जोर दिया।
50 बेड की होगी क्षमता, सुरक्षा और कैंटीन की मिलेगी सुविधा
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से संचालित होने वाले इस हॉस्टल की कुल क्षमता 50 बेड की होगी। इसमें ठहरने के साथ-साथ कैंटीन, 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक संदीप रावत और तहसीलदार विजय गोस्वामी समेत कई अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।