गैरसैंण में धामी सरकार ने पेश किया ₹7,844 करोड़ का अनुपूरक बजट, कुल आकार ₹1.19 लाख करोड़ पार

 

गैरसैंण में धामी सरकार ने पेश किया ₹7,844 करोड़ का अनुपूरक बजट, कुल आकार ₹1.19 लाख करोड़ पार

 

 

 

 

विपक्ष ने बताया केवल खानापूर्ति, आज सदन में ज्वलंत मुद्दों पर घेराबंदी की तैयारी

विशेष संवाददाता भराड़ीसैंण (गैरसैंण):

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार को गहमागहमी के बीच शुरू हुआ। सत्र के पहले दिन जहाँ एक तरफ सदन के भीतर और बाहर विपक्ष ने प्रदेश के मुद्दों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपराह्न लगभग 3 बजे 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट विधानसभा के पटल पर रखा।

इस अनुपूरक बजट के बाद अब राज्य के कुल बजट का आकार बढ़कर 1,19,547.39 करोड़ रुपये हो गया है।

 

 

 

 

श्रद्धांजलि के साथ हुई सत्र की शुरुआत

भराड़ीसैंण की ठंडी हवाओं के बीच शुरू हुए इस सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व मुख्यमंत्री जनरल बी.सी. खंडूड़ी और वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई, जो देर शाम तक जारी रही। श्रद्धांजलि के बाद सरकार ने अपनी ‘वज्र रणनीति’ के तहत बजट प्रस्ताव पेश किया।

यह भी पढ़ें 👉  जय गोल्ज्यू महोत्सव का दूसरा दिन: बच्चों ने कवि सम्मेलन में गढ़ीं 'विकसित भारत 2047' की कविताएं, सीनियर वर्ग में हुआ एकल नृत्य मुकाबला

 

 

 

 

अनुपूरक बजट के मुख्य बिंदु

मद / योजना आवंटित धनराशि / प्रावधान
राजस्व मद (Revenue Expenditure) ₹3,679.86 करोड़
पूंजीगत मद (Capital Expenditure) ₹4,164.32 करोड़
अन्नपूर्ति योजना (धान-गेहूं खरीद) ₹1,100 करोड़
स्थानीय निकाय हिस्सा (10.5% से बढ़ाकर 12.5%) ₹721 करोड़
जल जीवन मिशन (ठेकेदारों का बकाया) ₹300 करोड़
दिव्य कुंभ मेला बुनियादी ढांचा ₹290 करोड़
डिजिटल लर्निंग (स्कूल व उच्च शिक्षा) ₹200 करोड़
कर्मचारी गोल्डन कार्ड योजना ₹125 करोड़
गैरसैंण जलापूर्ति बांध परियोजना ₹122 करोड़
अटल आयुष्मान योजना ₹100 करोड़
खेल विश्वविद्यालय व महिला स्पोर्ट्स कॉलेज (चंपावत) ₹35 करोड़ (खेल वि.वि.) + ₹10 करोड़ (स्पोर्ट्स कॉलेज)

‘विकास योजनाओं को मिलेगी गति’ — मुख्यमंत्री

बजट पेश करने के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार के 5 साल के सफर का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि यह अनुपूरक बजट राज्य के सर्वांगीण विकास, बुनियादी ढांचे की मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में मील का पत्थर साबित होगा। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने भी बजट का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सभी विभागों के रुके और नए कार्य तेजी से पूरे होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  मल्लिकार्जुन खरगे और अखिलेश यादव के बयान पर भड़के अजय टम्टा, कहा- 'बौखलाहट में मर्यादा भूल चुकी है कांग्रेस'

 

 

 

 

‘अनुपूरक बजट महज खानापूर्ति’ — विपक्ष

दूसरी ओर, विपक्ष ने बजट पर कड़ा ऐतराज जताया है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार के दावों को खारिज करते हुए इस बजट को महज “खानापूर्ति” करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष बुधवार को नियम 58 और नियम 310 के तहत प्रदेश के ज्वलंत और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को सदन के भीतर मजबूती से घेरेगा।

Advertisement