Almora News:NH-309A चौड़ीकरण: प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा देने के लिए गांवों में लगेंगे कैंप, रोस्टर जारी

0
ख़बर शेयर करें -

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309 ए किमी0 169.00 से 209.00 किमी (कनगाडछीना से अल्मोड़ा)  के दो लेन चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत अधिग्रहीत की गई भूमि के प्रभावित व्यक्तियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से मुआवजा उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इस क्रम में जिला प्रशासन द्वारा जनपद के संबंधित कुल 18 ग्रामों के लिए विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमें गठित की गई हैं।

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने बताया कि गठित टीमें संबंधित ग्रामों में जाकर उन व्यक्तियों का सत्यापन करेंगी, जिनकी भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहीत की गई है। साथ ही, मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रभावित काश्तकारों से आवश्यक दस्तावेज—जैसे बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भूमि अभिलेख, फोटो एवं अन्य संबंधित कागजात भी एकत्र किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  BREAKING NEWS: अल्मोड़ा में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर,

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी प्रभावित व्यक्तियों को बिना किसी असुविधा के शीघ्र मुआवजा प्राप्त हो सके तथा उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए ग्रामवार तिथियां निर्धारित करते हुए रोस्टर जारी किया गया है, जिसके अनुसार टीमें निर्धारित तिथियों पर संबंधित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर कार्य संपादित करेंगी।

🌸निर्धारित रोस्टर के अनुसार-

पटवारी क्षेत्र शैलगुंठ ( सम्मिलित ग्राम – शैलगुंठ, सुनार खोला तथा घुरसौंगूंठ) के लिए 9 एवं 10 अप्रैल 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।

पटवारी क्षेत्र पाखुडा (सम्मिलित ग्राम- गधोली तथा मैंचौड) के लिए 13 अप्रैल 2026 को कैंप आयोजित होगा। 

पटवारी क्षेत्र भेटूली ( सम्मिलित ग्राम ज़ाखसोडा, भेटूली व कोट्यूड़ा) के लिए 15 अप्रैल को कैंप आयोजित किया जाएगा।

पटवारी क्षेत्र भैंसोडी (भैंसोडी, ईनाकोट, बसोली व भकुना) के लिए 16 एवं 17 अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  Almora News:अल्मोड़ा: चितई मंदिर मार्ग पर टला बड़ा हादसा, फायर सर्विस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटाया विशालकाय पेड़

पटवारी क्षेत्र अमखोली (अमखोली, मेहरखोला, डोटियाल गांव, पंतगांव तथा बीना गांव) के लिए 21, 22 एवं 23 अप्रैल 2026 को कैंप आयोजित किया जाएगा।

पटवारी क्षेत्र पांडेखोला (पांडेखोला शहरी क्षेत्र) के लिए 24 एवं 25 अप्रैल 2026 को कैंप आयोजित किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित तिथियों पर संबंधित क्षेत्रों में उपस्थित होकर भूमि अधिग्रहण से प्रभावित काश्तकारों/भूमि मालिकों को मुवावजा वितरण हेतु आवश्यक दस्तावेज इकट्ठा कर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन एवं अभिलेख संकलन की प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मुआवजा वितरण कार्य समय से पूर्ण किया जा सके।

जिला सूचना अधिकारी अल्मोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *