उत्पात मचा रहे युवकों को टोकने पर सुरक्षा गार्ड की चाकू गोदकर हत्या, तीन घायल
उत्पात मचा रहे युवकों को टोकने पर सुरक्षा गार्ड की चाकू गोदकर हत्या, तीन घायल
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी क्षेत्र में शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकना ड्यूटी से लौट रहे एक सुरक्षा गार्ड को भारी पड़ गया। आरोपित युवकों ने चाकू से हमला कर सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके भांजे समेत तीन अन्य लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बीच-बचाव करने पर किया हमला जानकारी के अनुसार, रेशमबाड़ी निवासी लीलाधर एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। वह ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान घर के पास शराब के नशे में कुछ युवक हंगामा और उत्पात मचा रहे थे। लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने युवकों को हंगामा करने से मना किया तो उन्होंने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
भतीजे को पिटता देख लीलाधर मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करते हुए युवकों के हंगामे पर नाराजगी जताई। इस पर आरोपित युवकों ने लीलाधर पर चाकू से हमला बोल दिया। हमले में लीलाधर गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीन अन्य लोग भी चाकू लगने से घायल घटना के दौरान बीच-बचाव और मौके पर मौजूद राहुल पुत्र विजेंद्र पाल, रामअवतार पुत्र जौहरी लाल तथा अनुज पुत्र सुखदेव भी चाकू लगने से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और चारों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीनों घायलों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुटी है।
