अग्निकांड पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान
अग्निकांड पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान
• भीषण अग्निकांड से हुई क्षति का लिया जायजा, पीड़ितों के बीच बैठकर बांटा दुःख-दर्द • सर्दी और बर्फबारी को देखते हुए तत्काल सुरक्षित आवास व छह माह के राशन की व्यवस्था के निर्देश • गांव में जलाशय व हेलीपैड निर्माण सहित बच्चों की निर्बाध शिक्षा सुनिश्चित करने का दिया भरोसा
उत्तरकाशी (मोरी)। जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील अंतर्गत भीषण अग्निकांड की चपेट में आए पवाणी गांव के पीड़ित परिवारों का दुःख-दर्द साझा करने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को स्वयं गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से हुई भारी क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याएं, जरूरतें व अपेक्षाएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की बड़ी घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती और संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन करने के निर्देश देते हुए कहा कि आर्थिक सहायता के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास और छह माह का राशन पहली प्राथमिकता पर्वतीय क्षेत्र में बढ़ती ठंड और आगामी दिनों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सबसे पहले सभी प्रभावित परिवारों के रहने के लिए सुरक्षित और समुचित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को भी प्रतिकूल मौसम की मार न झेलनी पड़े। इसके अतिरिक्त, अग्निकांड में घरों के साथ ही ग्रामीणों द्वारा सुरक्षित रखा गया छह माह का राशन भी जलकर नष्ट हो गया है। खाद्यान्न संकट से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह का राशन व दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी बाधित, गांव में बनेंगे जलाशय व हेलीपैड अग्निकांड के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने आवश्यकतानुसार वैकल्पिक विद्यालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भविष्य की जरूरतों और आपदा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पवाणी गांव में जलाशय और हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य कराए जाने की बात कही।
पीड़ितों को अपने पैरों पर खड़ा करने का संकल्प: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को शब्दों में बयां करना कठिन है। सरकार का एक-एक अधिकारी और पूरा प्रशासनिक तंत्र पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे थे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, त्वरित राहत पहुंचाने और स्वयं गांव आकर पीड़ितों की सुध लेने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, जिला प्रशासन व संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
