बरम-कनार सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज, ग्रामीणों ने धरना व भूख हड़ताल समाप्त की
बरम-कनार सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज, ग्रामीणों ने धरना व भूख हड़ताल समाप्त की
पिथौरागढ़, : बरम-कनार सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा ग्रामीणों का धरना और भूख हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज किए जाने के आश्वासन और सकारात्मक कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए आंदोलनकारियों ने अपना आंदोलन खत्म किया।
पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान स्थित धरना स्थल पर आज अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, पीएमजीएसवाई धारचूला के अधिशाषी अभियंता किशन सिंह ऐरी तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई के मार्गदर्शन में प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण से जुड़ी औपचारिकताओं को संबंधित विभागों के समन्वय से नियमानुसार शीघ्र पूरा किया जा रहा है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। वहीं, ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन की इस पहल पर संतोष जताते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह परिहार, ग्राम प्रधान सरिता देवी, ग्रामीण भरत सिंह, चंद्र सिंह, पार्वती देवी, बीरमा देवी, तुलसी देवी और प्रकाश परिहार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
