आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और सहायिकाओं को धामी सरकार की बड़ी सौगात, एक दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय
आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों और सहायिकाओं को धामी सरकार की बड़ी सौगात, एक दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय
मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में शासन ने जारी किया आदेश; मातृशक्ति के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम
देहरादून (ब्यूरो)। प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों एवं सहायिकाओं के अथक परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देते हुए राज्य सरकार ने उनके मानदेय में वृद्धि करने का शासनादेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में बढ़ा हुआ मानदेय आगामी 01 दिसंबर 2026 से लागू होगा।
शासन स्तर से आदेश जारी होने के बाद प्रदेश भर की हजारों आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों और सहायिकाओं में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री धामी ने बीते दिनों राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने की घोषणा की थी।
इस निर्णय के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्तियां और सहायिकाएं मातृशक्ति, बाल विकास और समाज के स्वस्थ भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की योजनाओं को धरातल पर उतारने में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि उनके योगदान का सम्मान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि धामी सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और मातृशक्ति के उत्थान के लिए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कदम उठाए जाते रहेंगे।
