सीएम धामी ने खटीमा में सूर्यदेव को दिया अर्घ्य, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
सीएम धामी ने खटीमा में सूर्यदेव को दिया अर्घ्य, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं से की आत्मीय भेंट; कहा—लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम है छठ महापर्व
खटीमा (ऊधम सिंह नगर), ब्यूरो। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के प्रतीक महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा के छठ महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्यदेव को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया और पूजा-अर्चना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। घाट पर बड़ी संख्या में मौजूद व्रतियों और श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट करते हुए सीएम धामी ने सभी को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का एक अनुपम संगम है। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व समाज को प्रकृति के प्रति सम्मान, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का महत्वपूर्ण संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान छठ घाट पर भक्तिमय माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों व श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
