पहाड़ की धरती पर बदलाव का स्वप्न देखने और उसे साकार करने वाले डॉ. ललित पाण्डेय का निधन

पहाड़ की धरती पर बदलाव का स्वप्न देखने और उसे साकार करने वाले डॉ. ललित पाण्डेय का निधन

 

 

 

​पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनकी यात्रा वाकई प्रेरक रही है

 

 

 

 

​— चन्द्रशेखर तिवारी

​अल्मोड़ा शहर ने आज अपना एक ऐसा अनमोल व्यक्तित्व खो दिया है, जिसने अपनी प्रतिभा, शिक्षा और जीवन के अनुभवों को पहाड़ के समाज के नाम समर्पित कर दिया था। पद्मश्री से सम्मानित डॉ. ललित पाण्डेय का आज 15 नवंबर 2026 को 78 वर्ष की आयु में अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में निधन हो गया। संयोग देखिए कि जिस दिन उन्होंने इस दुनिया से विदा ली, वह दिन उनका जन्मदिन भी था। उनका जाना केवल एक व्यक्ति का अवसान नहीं, बल्कि उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक परिवर्तन के लिए दशकों से चल रहे एक सार्थक प्रयास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का विराम है।

​डॉ. ललित पाण्डेय उन लोगों में थे जो विकास को केवल आर्थिक समृद्धि, सड़कों और भवनों के निर्माण तक सीमित करके नहीं देखते थे। उनके लिए विकास का अर्थ था मनुष्य की क्षमताओं का विस्तार, गांवों की आत्मनिर्भरता, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी और बच्चों को अपने परिवेश के प्रति संवेदनशील बनाना। उन्होंने अपने कार्यों से यह स्थापित किया कि पहाड़ की समस्याओं का समाधान बाहर से थोपा नहीं जा सकता। इसके लिए स्थानीय समाज की समझ, अनुभव, सहभागिता और सामूहिक पहल को केंद्र में रखना आवश्यक है।

​’उच्च शिक्षा से पहाड़ की सामाजिक प्रयोगशाला तक’

​पिता भैरव दत्त पांडे (आईसीएस, पूर्व कैबिनेट सचिव, और पूर्व राज्यपाल पंजाब व पश्चिम बंगाल) के आदर्शों से प्रेरित डॉ. ललित पाण्डेय की शैक्षिक यात्रा असाधारण रही। उन्होंने देहरादून के दून स्कूल से प्रारम्भिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली से वर्ष 1970 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। आगे की पढ़ाई के लिए वे अमेरिका गए और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT), कैम्ब्रिज से वर्ष 1972 में मास्टर डिग्री प्राप्त की। इसके बाद पर्ड्यू विश्वविद्यालय से वर्ष 1982 में पीएचडी की उपाधि हासिल की।

​इतनी प्रतिष्ठित संस्थाओं से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उनके सामने देश-विदेश में तमाम बेहतर अवसर उपलब्ध थे। उन्होंने भारत में भी कुछ समय औद्योगिक क्षेत्र में काम किया, लेकिन उनके मन में एक प्रश्न लगातार बना रहा कि उच्च शिक्षा और तकनीकी दक्षता का वास्तविक सामाजिक उपयोग किस प्रकार हो सकता है। अकादमिक उत्कृष्टता और समाज की वास्तविक जरूरतों के बीच संबंध स्थापित करने की उनकी यह चाह और जिज्ञासा अंततः उन्हें पहाड़ों की ओर खींच ले आई।

​वर्ष 1984 में वे अपने पुश्तैनी गृह नगर अल्मोड़ा लौट आये। यह वापसी केवल अपने घर और जन्मभूमि में लौटना नहीं था, बल्कि जीवन की दिशा बदलने का निर्णय था। उन्होंने सुविधाओं और व्यक्तिगत उपलब्धियों की जगह पहाड़ के गांवों, वहां के लोगों और उनकी समस्याओं के साथ रहकर काम करना चुना। उनके जीवन का यह निर्णय आगे चलकर उत्तराखंड में पर्यावरणीय और सामुदायिक विकास के एक महत्वपूर्ण प्रयोग का आधार बना।

​’उत्तराखंड सेवा निधि : विचार से व्यवहार तक का सफर’

​डॉ. पाण्डेय के कार्यों को समझने के लिए उत्तराखंड सेवा निधि और उत्तराखंड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान की भूमिका को समझना जरूरी है। उत्तराखंड सेवा निधि की स्थापना वर्ष 1967 में एक सार्वजनिक धर्मार्थ न्यास के रूप में हुई थी। वर्ष 1987 से संस्था ने पहाड़ी गांवों में पर्यावरण शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में काम को विस्तार दिया। डॉ. पाण्डेय के नेतृत्व में इस कार्य ने शिक्षा, पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका के अनेक आयाम विकसित किए।

यह भी पढ़ें 👉  जौलजीबी प्रकरण और एबीवीपी मामले पर कांग्रेस का तीखा हमला: वैभव पांडे बोले- भाजपा के दोहरे मापदंड बेनकाब

​इस संस्था की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि उसने गांवों को केवल सहायता प्राप्त करने वाले समुदाय के रूप में नहीं देखा। ग्रामीणों को अपनी समस्याएं पहचानने, उनके समाधान खोजने और उन्हें लागू करने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाया गया। संस्था ने स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्राम समुदायों के साथ मिलकर काम किया।

​डॉ. पाण्डेय का विश्वास था कि किसी भी योजना की सफलता तभी संभव है जब उसका स्वामित्व और जिम्मेदारी स्थानीय लोगों के हाथ में हो। इसीलिए संस्था का काम केवल योजनाएं संचालित करना नहीं था, बल्कि लोगों में अपनी क्षमताओं को पहचानने और सामूहिक निर्णय लेने का आत्मविश्वास पैदा करना भी था।

​’विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा : एक दूरगामी पहल’

​डॉ. पाण्डेय के योगदान का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह था कि उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को केवल विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों अथवा सामाजिक कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे बच्चों की शिक्षा का हिस्सा बनाने का प्रयास किया। उन्होंने मिरतोला आश्रम के श्री माधव आशीष, पर्यावरण व पारिस्थितिकी वैज्ञानिक एम. जे. जैक्सन के साथ उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों के पर्यावरण संरक्षण कार्य को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लोगों के बीच पहुंचाने की अभिनव पहल की।

​इसी सोच के तहत वर्ष 1988 में विद्यालयों के लिए पर्यावरण शिक्षा का कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया। पर्यावरणविदों और विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार ‘अवर लैंड, अवर लाइफ’ (हमारी धरती, हमारा जीवन) नाम से विकसित इस पाठ्यक्रम में बच्चों को किताबी जानकारी के साथ अपने आसपास के पर्यावरण को समझने का अवसर दिया गया। गांव के पुराने जलस्रोत, जंगल, कृषि पद्धतियां, भूमि की स्थिति, पशुपालन और स्थानीय परम्परागत ज्ञान इस शिक्षा के महत्वपूर्ण विषय बने।

​इस कार्यक्रम का विस्तार लगभग 500 विद्यालयों और इंटरमीडिएट कॉलेजों तक हुआ।

​वर्ष 2000 तक इसमें करीब 65 हजार विद्यार्थी और एक हजार शिक्षक जुड़ चुके थे।

​वर्ष 2002 में उत्तराखंड सरकार के शिक्षा विभाग ने इस पाठ्यक्रम को कक्षा 6, 7 और 8 के नियमित पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया।

​वर्तमान में लगभग पाँच लाख विद्यार्थी विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा का अध्ययन कर रहे हैं।

 

 

 

 

​’बालवाड़ियां और ग्रामीण पुस्तकालय : गांव में शिक्षा का नया वातावरण’

​डॉ. पाण्डेय व उनके कार्यकर्ताओं के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र ग्रामीण बाल शिक्षा था। पहाड़ के अनेक गांवों में छोटे बच्चों के लिए प्रारम्भिक शिक्षा और विशेषकर बालिकाओं के लिए शिक्षा तक पहुंच आसान नहीं थी। इस आवश्यकता को समझते हुए वर्ष 1988 से गांवों में बालवाड़ियों की स्थापना और संचालन में स्थानीय संगठनों को सहयोग दिया गया।

​उत्तराखंड के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में 350 से अधिक बालवाड़ियां संचालित करने में सहयोग दिया गया।

​दो हजार से अधिक बालवाड़ी शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

​ग्रामीण पुस्तकालयों, सांध्यकालीन शिक्षा केन्द्रों और सामुदायिक अध्ययन केन्द्रों को प्रोत्साहित किया गया, जिससे ज्ञान, संवाद और सामुदायिक चेतना विकसित हो सके।

 

 

 

 

 

​’महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण समाज की आत्मनिर्भरता’

​उत्तराखंड के पहाड़ी समाज में महिलाओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। डॉ. पाण्डेय ने इस असमानता को समझते हुए महिला समूहों को संगठित करने और उन्हें सामुदायिक विकास की प्रक्रिया से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा में 18वें राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन का आगाज, कुमाउंनी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की उठी जोरदार मांग

​उत्तराखंड सेवा निधि के सहयोग से गांवों में गठित महिला समूहों ने साक्षरता, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय समस्याओं पर सामूहिक चर्चा की।

​एक कार्यक्रम के अंतर्गत केवल दो वर्षों में 1600 से अधिक महिलाएं जुड़ीं और 1289 महिलाओं को औपचारिक मूल्यांकन के आधार पर साक्षर पाया गया।

​जल संरक्षण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, वन संरक्षण और कृषि सुधार से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिला तथा महिलाओं को सिलाई, बुनाई और अन्य कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया।

 

 

 

 

 

​’जल, जंगल, जमीन और आजीविका का परस्पर संबंध’

​डॉ. पाण्डेय की विकास संबंधी दृष्टि में पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका एक-दूसरे से अलग नहीं थे। वे समझते थे कि पहाड़ का जीवन जंगल, पानी, खेती, पशुधन और गांव की सामाजिक व्यवस्था के आपसी संबंधों पर टिका है। संस्था के माध्यम से जल संरक्षण, पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छता, पौधशालाओं के विकास, वनीकरण और कृषि सुधार के अनेक कार्यक्रम संचालित किए गए।

​’सम्मान से बड़ी थी उनकी कार्यपद्धति’

​डॉ. ललित पाण्डेय को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित सम्मान मिले:

​वर्ष 2007: भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान।

​वर्ष 2014: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली द्वारा विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान।

​वर्ष 2017: पर्ड्यू विश्वविद्यालय द्वारा विशेष सम्मान।

​लेकिन उनके जीवन की वास्तविक उपलब्धि इन पुरस्कारों से कहीं बड़ी थी। उन्होंने विकास की एक ऐसी कार्यपद्धति विकसित की जिसमें गांव के सामान्य लोग अपने भविष्य के निर्माण में स्वयं भागीदार बनते हैं। उत्तराखंड सेवा निधि की वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट भी गांवों में अध्ययन केन्द्रों, बच्चों के पुस्तकालयों, कम्प्यूटर शिक्षा, महिला समूहों और जलवायु परिवर्तन से जुड़े शोध कार्यों के माध्यम से इस निरंतरता को सामने रखती है।

​’एक विचार और एक विरासत’

​डॉ. ललित पाण्डेय का जीवन हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करता है कि उच्च शिक्षा और व्यक्तिगत उपलब्धियों का सबसे सार्थक उपयोग समाज के वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में हो सकता है।

​उत्तराखंड में पलायन, जलस्रोतों का सूखना, खेती का संकट, जंगलों पर बढ़ता दबाव और ग्रामीण शिक्षा की चुनौतियां आज भी हमारे सामने हैं। ऐसे समय में डॉ. पाण्डेय के कार्यों और उनकी विकास दृष्टि को समझना और आगे बढ़ाना अधिक आवश्यक हो जाता है। उनके द्वारा स्थापित संस्थागत परम्पराओं को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

​उनके निधन से अल्मोड़ा और उत्तराखंड ने एक ऐसे कर्मयोगी को खो दिया है, जिसने अपनी प्रतिभा का उपयोग स्वयं के लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए किया। उन्होंने यह विश्वास जगाया कि पहाड़ की कठिन परिस्थितियों में रहते हुए भी शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता और सतत प्रयासों से दूरगामी परिवर्तन लाया जा सकता है।

​डॉ. ललित पाण्डेय अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके काम से जुड़े गांव, विद्यालय, बालवाड़ियां, पुस्तकालय, महिला समूह और पर्यावरण शिक्षा की परम्परा उनके विचारों को जीवित रखेंगे। आशा है पहाड़ की धरती पर बोए गए उनके प्रयासों के बीज आने वाली पीढ़ियों को रास्ता दिखाते रहेंगे।

​विनम्र श्रद्धांजलि।

Advertisement