लमगड़ा में भाजपा के शक्ति केंद्र सम्मेलन संपन्न

 

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस सप्ताह: लमगड़ा मंडल के विभिन्न शक्ति केंद्रों में आयोजित हुए सम्मेलन, वक्ताओं ने राज्य निर्माण के संघर्ष को किया याद

 

लमगड़ा: भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड द्वारा राज्य स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए लमगड़ा मंडल के कपकोट, सिरसौड़ा, जलना-ढैली एवं भटखोला शक्ति केंद्रों में भव्य सम्मेलनों का आयोजन किया गया। इन सम्मेलनों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

 

 

 

 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, पूर्व प्रदेश मंत्री दीपक पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तराखंड राज्य स्थापना के ऐतिहासिक महत्व, पृथक राज्य आंदोलन की पृष्ठभूमि, राज्य आंदोलनकारियों के अतुलनीय संघर्ष व बलिदान तथा राज्य निर्माण में भारतीय जनता पार्टी की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे संघर्ष, जनआकांक्षाओं और आंदोलनकारियों के त्याग का परिणाम है। राज्य स्थापना के पीछे पर्वतीय क्षेत्र की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जनता की भावनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हाथी के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल, वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

 

 

 

श्री पाण्डेय ने आगे कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के सपनों को याद करने और राज्य के विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य की मूल भावना, सांस्कृतिक विरासत और विकास की अवधारणा को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

 

 

सम्मेलन के दौरान संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठनात्मक ढांचा है। संगठन को चिर-स्थाई और मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रियता और निरंतर जनसंपर्क आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी प्रकरण को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा, गोपाल भट्ट ने की निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग

 

 

 

 

 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा पार्टी को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं की यह उत्साहपूर्ण सहभागिता संगठनात्मक एकजुटता और मजबूती का एक सशक्त संदेश दे गई।

 

 

 

इस अवसर पर गोवर्धन भैसोड़ा, माधव सिंह बिष्ट, मंडल प्रभारी मनीष जोशी, मंडल अध्यक्ष हरीश सिजवाली सहित तमाम शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Advertisement