अल्मोड़ा में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
अल्मोड़ा में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
अल्मोड़ा (संवाददाता):
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली (नालसा) एवं माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल (सालसा) के निर्देशों के अनुपालन में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा, श्री योगेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में “सुरक्षित बचपन अभियान” (A Pan India School Awareness Campaign) के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत वीरशिवा सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल, होली एंजिल्स पब्लिक स्कूल तथा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की सचिव श्रीमती अनामिका सिंह, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आफिया मतीन और सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्रीमती उदिशा सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ‘मेरा बचपन मेरा अधिकार’ तथा ‘बोलो बताओ बचाओ’ की अवधारणा के तहत नालसा (बच्चों के लिए बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं) योजना 2024 के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
बच्चों को दी गई प्रमुख कानूनी जानकारियां:
- पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act, 2012): लैंगिक अपराधों से बच्चों के संरक्षण और सुरक्षा कानूनों के बारे में जागरूक किया गया।
- सुरक्षा एवं अधिकार: असुरक्षित स्पर्श (Good Touch – Bad Touch), यौन व मानसिक उत्पीड़न, बाल-विवाह निषेध, बाल-श्रम, बाल तस्करी और आत्मरक्षा के तरीकों पर चर्चा की गई।
- संवैधानिक अधिकार: बच्चों को शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार तथा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।
- महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर: किसी भी आपात स्थिति के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112, साइबर क्राइम सेल 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को अभियान से जुड़े पम्फलेट भी वितरित किए गए। इन शिविरों में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र (पीएलवी) बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
