उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ खेल भूमि भी बन रहा है: सीएम धामी
उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ खेल भूमि भी बन रहा है: सीएम धामी
– खेल महाकुम्भ-2026 और मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का भव्य समापन
– देहरादून जनपद बना चैम्पियनशिप का विजेता, खिलाड़ियों को मिले 5 लाख और डीबीटी से करोड़ों के पुरस्कार
देहरादून (विशेष संवाददाता): राजधानी के मिनी स्टेडियम, ननूरखेड़ा में खेल महाकुम्भ-2026 एवं मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का रंगारंग और प्रेरणादायी समापन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश की प्रमुख खेल भूमि के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘meroyuva.in’ पोर्टल का विमोचन भी किया।
देहरादून जनपद बना चैंपियन
समारोह का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी रही, जिसमें देहरादून जनपद ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने देहरादून को विजेता ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। इस दौरान मलखम्ब और आर्टिस्टिक योग के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया।
3.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 01 सितंबर को चम्पावत के टनकपुर से शुरू हुई खेल महाकुम्भ की यह यात्रा न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर से होती हुई राज्य स्तर तक पहुँची है।
बढ़ती भागीदारी: पिछले वर्ष जहाँ इस महाकुम्भ में 2 लाख 20 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 लाख 35 हजार से अधिक पहुँच गई है।
चैम्पियनशिप ट्रॉफी: इस वर्ष 32 प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश की 662 न्याय पंचायतों, सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों और राज्य स्तर पर किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
खिलाड़ियों को सीधा लाभ और 4% आरक्षण
सरकार ने खेल प्रतिभाओं को आर्थिक रूप से संबल देने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं:
डीबीटी के जरिए पुरस्कार: इस वर्ष लगभग 11 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से खिलाड़ियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।
सरकारी नौकरी में आरक्षण: राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को निर्धारित नियमों के तहत सीधी भर्ती के पदों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
खेल और खिलाड़ियों को मिल रहा नया आयाम
खेल मंत्री रेखा आर्या ने समारोह में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ और ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ के जरिए छात्रवृत्ति व खेल उपकरणों के लिए लगातार सहायता दी जा रही है। इसके अलावा, लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन शुरू हो चुका है तथा राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय व आधुनिक खेल अकादमियों की स्थापना पर भी तेजी से काम चल रहा है।
समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल व कुन्दन सिंह लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा और निदेशक युवा कल्याण दीप्ति सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
