सीएचसी धौलादेवी में 12 अक्टूबर से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सेवा, जनआंदोलन के आगे झुका प्रशासन; सभी मांगें मंजूर

सीएचसी धौलादेवी में 12 अक्टूबर से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सेवा, जनआंदोलन के आगे झुका प्रशासन; सभी मांगें मंजूर
अल्मोड़ा/धौलादेवी:
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौलादेवी में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती को लेकर चल रहा जनआंदोलन गुरुवार को ऐतिहासिक सफलता के साथ समाप्त हो गया। अल्मोड़ा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता की और 12 अक्टूबर से अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू करने समेत सभी मांगों को स्वीकार करने की लिखित घोषणा की।
भाजयुमो उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व जनआंदोलन के संयोजक डॉ. नीरज पंत के नेतृत्व में यह आंदोलन लंबे समय से चलाया जा रहा था। सीएमओ ने बताया कि 3 अक्टूबर को अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) मशीन सीएचसी धौलादेवी पहुंच जाएगी और 12 अक्टूबर से इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अल्मोड़ा या अन्य दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर काटने से निजात मिलेगी।
दो महीने में पूरी होंगी ये 6 प्रमुख मांगें: सीएमओ ने भरोसा दिलाया कि आगामी दो माह के भीतर निम्नलिखित सभी व्यवस्थाएं धरातल पर लागू कर दी जाएंगी:
डिजिटल एक्सरे मशीन की स्थापना
स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) की नियुक्ति
रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति
निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट) की नियुक्ति
बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) की नियुक्ति
प्रसव कार्य हेतु 5 प्रशिक्षित डिलीवरी नर्सों की नियुक्ति
मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार: मांगें पूरी होने के आश्वासन पर डॉ. नीरज पंत और क्षेत्रवासियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। डॉ. नीरज पंत ने कहा, “यह धौलादेवी की जनता की एकजुटता और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए हम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त करते हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दो महीने की समय-सीमा में सभी मांगें पूरी हों, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी रहेगी।
धरना समाप्ति के बाद स्थानीय लोगों, मातृशक्ति और जनप्रतिनिधियों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष डी.के. जोशी, प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश चंद्र भट्ट, हरीश धर्मवाल, मोहन सिंहवाल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।