Almora News:अल्मोड़ा: नंदादेवी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, 17 सितंबर को कदली वृक्षों को निमंत्रण और 18 को होगी भव्य नगर यात्रा
नंदादेवी मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति की बैठक,17 सितंबर को कदली वृक्षों को दिया जाएगा निमंत्रण,18 को नगर भ्रमण के बाद इन्हीं से बनेगी मां नंदादेवी की भव्य मूर्ति
अल्मोड़ा-आगामी 16 सितंबर से शुरू होने जा रहे ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।मेले के प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों और कदली वृक्षों से मां नंदादेवी की मूर्ति निर्माण की परंपरा को लेकर रविवार को नंदादेवी मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक में मेले की व्यवस्थाओं के साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों को भव्य एवं परंपरागत स्वरूप में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने कदली वृक्षों का निरीक्षण भी किया।मंदिर समिति ने बताया कि नंदादेवी मेले की धार्मिक परंपराओं में कदली वृक्षों का विशेष महत्व है।इन्हीं कदली वृक्षों से मां नंदादेवी की भव्य प्रतिमा का निर्माण किया जाता है।इसी धार्मिक परंपरा के तहत 17 सितंबर को शाम चार बजे मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य कदली वृक्षों को निमंत्रण देने के लिए पांडे खोला पहुंचेंगे।यहां विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार कदली वृक्षों की पूजा-अर्चना कर उन्हें मेले में आने का निमंत्रण दिया जाएगा।समिति के अनुसार 18 सितंबर को प्रातः छह बजे कदली वृक्षों को धूमधाम के साथ नगर भ्रमण कराया जाएगा।धार्मिक परंपरा के अनुसार कदली वृक्ष विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं स्थानों से होते हुए नंदादेवी मंदिर पहुंचेंगे। इसके बाद मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ इन्हीं कदली वृक्षों से मां नंदादेवी की भव्य प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा।नंदादेवी मेले में कदली वृक्षों को निमंत्रण देने से लेकर उनके नगर भ्रमण और प्रतिमा निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र रहती है।मंदिर समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं बल्कि अल्मोड़ा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।मंदिर समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से 17 और 18 सितंबर को होने वाले धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।समिति ने कहा कि श्रद्धालु इस ऐतिहासिक धार्मिक परंपरा के साक्षी बनें और मां नंदादेवी का आशीर्वाद प्राप्त करें।मेले को लेकर नगर में भी उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बेसब्री से धार्मिक आयोजनों का इंतजार कर रहे हैं।बैठक एवं कदली वृक्षों के निरीक्षण में मंदिर व्यवस्थापक अनूप शाह,पुजारी प्रमोद पाठक,शेखर चन्द्र मिश्रा,मारुत शाह, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, स्थानीय मनीष पाठक, मोहन पाण्डेय, कमलेश जोशी, नवीन बेलवाल, जगदीश उपाध्याय, नवीन पाण्डेय, दीवान बिष्ट, दीपक पाण्डेय, मोहन जोशी, हेमलता पाठक आदि उपस्थित रहे।