Uttrakhand News:कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा का धामी सरकार पर हमला; बद्रीनाथ धाम मामले में अधिकारी को हटाने की मांग

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने ऋषिकेश स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं तथा बद्रीनाथ धाम में सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित घोटाले और बद्रीनाथ धाम में सामने आए मामलों की जानकारी कांग्रेस लगातार जनता के सामने रख रही है। उनका कहना था कि इन मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  SIR पर विपक्ष के आरोपों पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पलटवार: 'गलत नाम होंगे तो नियमानुसार हटेंगे'

उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग करते हुए पूरे मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान (सिटिंग) न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग दोहराई। साथ ही उन्होंने चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए तथा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttrakhand News:​नीट-यूजी काउंसलिंग: फर्जी एससी प्रमाण पत्र पर लिया एमबीबीएस दाखिला रद्द, उत्तराखंड में अब तक 16 सीटें निरस्त

पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के अनुसार दंड मिलना चाहिए।

बाइट: आलोक शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता कांग्रेस