Almora News:कृषि विज्ञान केन्द्र, काफलीगैर में तैयार हो रही है,उन्नत तकनीक से स्वस्थ सब्जियों की पौध
कृषि विज्ञान केन्द्र, काफलीगैर, बागेश्वर में डा. लक्ष्मी कान्त निदेशक, भाकृअनुप-विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा के निर्देशन एवं डा. निर्मल हेडाऊ विभागाध्यक्ष, फसल सुधार विभाग एवं नोडल ऑफिसर, कृषि विज्ञान केन्द्र, काफलीगैर के सफल मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारियों के कठिन प्रयास से वृह्त स्तर पर सब्जी फसलों जैसे बैंगन, टमाटर, शिमला मिर्च, बंदगोभी, फूलगोभी, ब्रोकोली,प्याज इत्यादि की उन्नत किस्मों की स्वस्थ पौध तैयार की जा रही है। यहाँ पर तैयार हो रही पौध को विभागों की विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत जनपद बागेश्वर के अलावा राज्य के अन्य जनपदों में नामतः पौढ़ी-गढ़वाल, अल्मोड़ा इत्यादि के किसानों तक भी पहुँचाया जा रहा है।
इस वर्ष कृषि विज्ञान केन्द्र, बागेश्वर ने लगभग 15 लाख सब्जी फसलों की स्वस्थ पौध तैयार कर चयनित किसानो को उपलब्ध करवायी गई है, आशा है कि इससे राज्य में सब्जियों के उत्पादन के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। फलस्वरूप मानव द्वारा सब्जियों के उपभोग करने से उनमें उपलब्ध विटामिन एवं लवण मानव शरीर को स्वस्थ बनाये रखने में मदद करेंगे।
पौधों की मांग के अनुरूप पॉलीहाउस और खुले स्थान पर पौध तैयार की जा रही है। किसानों की पौध की मांग को पूरा करने के उद्देश्य से पौध उत्पादन की उन्नत तकनीक (प्रो ट्रे) का भी उपयोग किया जा रहा है। इस तकनीक में मृदा के स्थान पर कोकोपिट, नीम की खली एंव वर्मीकम्पोस्ट को बराबर मात्रा में अनुप्रयोग किया जा रहा है जिससे पौधे जल्दी, स्वस्थ एवं खरपतवार मुक्त तैयार होते है। परिणामस्वरूप इससे कृषि विज्ञान केन्द्र, काफलीगैर की आय में निरन्तर वृद्धि हो रही है। जिनका उपयोग आवश्यकतानुसार विभाग में अन्य विकास कार्यों में किया जा सकेगा। यहाँ ध्यान देने योग्य बात यह है कि परियोजनाओं के अलावा गैर सरकारी संगठन एवं अन्य किसानों को बहुत ही कम दर पर पौधें उपलब्ध करवाये जा रहे है।
