Almora News:जाखनदेवी से आईएसबीटी तक बने नाले का पार्षद ने किया निरीक्षण,अधिक ढाल पर जताई चिंता
अल्मोड़ा-शहर में सिंचाई विभाग द्वारा बनाए गए नालों का निरीक्षण गुरुवार को वार्ड पार्षद अभिषेक जोशी ने विभागीय अधिकारियों के साथ किया।इस दौरान जाखनदेवी मंदिर से होकर आईएसबीटी के पास खुलने वाले नाला नंबर 13 का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान पार्षद अभिषेक जोशी के साथ सिंचाई विभाग के एई मनीष कुमार तथा अपर सहायक अभियंता जीवेश वर्मा भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाले के निर्माण के साथ जो पैदल मार्ग बनाया गया है उसमें काफी अधिक ढाल है।इस कारण वहां से गुजरने वाले बुजुर्गों और बच्चों को चलने-फिरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।पार्षद अभिषेक जोशी ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए विभागीय अधिकारियों से इसे शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की।इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण में सामने आई समस्या को देखते हुए पैदल मार्ग का पुनः निर्माण कराया जाएगा, ताकि मार्ग की ढाल को संतुलित किया जा सके और स्थानीय लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा न हो।पार्षद अभिषेक जोशी ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द आवश्यक सुधार कार्य शुरू करने को कहा,जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।निरीक्षण के दौरान आसपास के स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और मार्ग को सुविधाजनक बनाने की मांग की।विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक सुधार कार्य कर लोगों को राहत दी जाएगी।
