ख़बर शेयर करें -

जौनसार बावर के चकराता क्षेत्र में सोमवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला। आसमान में काली घटाएं छाई रहीं, लेकिन बारिश नहीं हुई। इस बीच ठंड बढ़ने से लोग ठिठुरते रहे।

छावनी बाजार सहित लोखंडी, कोटी कनासर, देववन, चिरमिरी टाप, पुरोड़ी, चुरानी, टाइगर फाल क्षेत्र में जबरदस्त ठंड स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन रही।

इस बीच तापमान माइनस तक जा पहुंचा। मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा तो एक बार फिर क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। सोमवार सुबह से आसमान में काली घटाएं छाई रहीं। बीच-बीच में एक दो बार सूर्य देव और बादलों की लुकाछिपी के खेल चला।

🌸तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस

सोमवार को बर्फबारी व बारिश की संभावनाएं बढ़ी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चकराता में न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से लोग शाम ढलते ही घरों में दुबक गए। सड़कों पर सन्नाटा छा गया। चौराहों पर जगह-जगह अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड से निजात पाने का प्रयास करते दिखे।

दुकानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हीटर व अंगीठी का सहारा लेना पड़ा। मौसम का मिजाज बदलने से चकराता के व्यापार पर भी असर दिखा। सुबह छावनी बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारी शाम होते ही अपने प्रतिष्ठानों को बंद करते नजर आए।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा दशहरा महोत्सव: अजीत कार्की पुनः अध्यक्ष और वैभव पांडे बने सचिव, स्टेडियम में होगा पुतला दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम

🌸जल्द बर्फबारी के आसार

चकराता निवासी बुजुर्ग चमन सिंह भंडारी, अरविंद पाल कुकरेजा, राजेंद्र अरोड़ा, राजेंद्र चौहान, प्रताप चौहान, नैन सिंह राणा, राजेंद्र सिंह, अशोक कुमार चौरसिया, पंकज कुमार जैन आदि का कहना है कि बदले मौसम को देखते हुए जल्द बर्फबारी के आसार लग रहे हैं। बर्फबारी हुई तो स्थानीय कारोबार को बल मिलेगा और पर्यटकों की आमद से छावनी बाजार गुलजार रहेगा।

🌸मौसम ने बदले कई रंग

वहीं, रुड़की के शिक्षानगरी में सोमवार को मौसम ने दिनभर में कई रंग बदले। सुबह जहां कोहरा और आसमान में बादल रहे। वहीं, बाद में बूंदाबांदी भी हुई। जबकि दोपहर में हल्की धूप भी खिली। धूप निकलने से दिन में लोगों को कंपकंपाती ठंड से थोड़ी राहत मिली। हालांकि सुबह और रात को मौसम सर्द ही बना रहा। कड़ाके की ठंड ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा रखी है।

सोमवार को सुबह वातावरण में कोहरा छाया रहा। इस वजह से दृश्यता कम रही। ऐसे में वाहन चालकों को सुबह भी गाड़ी की लाइट जलानी पड़ी। कोहरे के साथ ही आसमान में बादलों का भी पहरा रहा। इस वजह से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  धौलादेवी सीएचसी में सुविधाओं की माँग: 29 सितंबर से तीन दिवसीय धरने पर बैठेंगे डॉ. नीरज पंत

वहीं, सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे के बाद अचानक से बूंदाबांदी होने लगी। लेकिन, कुछ देर बाद ही बूंदाबांदी बंद हो गई। जबकि दोपहर साढ़े बारह बजे के बाद सूर्यदेव ने दर्शन दिए और हल्की धूप निकल गई। ऐसे में लोगों ने ठिठुरन भरी ठंड से थोड़ी राहत महसूस की।

🌸अल्मोड़ा में आज का मौसम 

बीते कुछ दिनों से नगर का मौसम खुशनुमा बना हुआ था। चटक धूप लोगों को राहत पहुंचा रही थी। सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। सुबह से ही आसमान में हल्के बादलों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया।

साथ ही शीत लहर ने एक बार फिर लोगों को ठंड का ऐहसास करा दिए। ठंड के चलते सुबह से ही लोगों के हीटर और ब्लोअर ऑन हो गए। वहीं दो अंकों की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आज अल्मोड़ा में धूप बादल रहेंगे और सुबह शाम ठंड रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *